चंकी बाजपेयी, इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में एक बार फिर भरोसे को तार-तार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां सराफा बाजार की एक ज्वैलरी दुकान के मैनेजर के साथ उसकी ही एक पुरानी परिचित महिला ने विश्वासघात किया। नोटों की गड्डी के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाने का झांसा देकर महिला 10 लाख रुपये नकद लेकर चंपत हो गई। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और पुलिस आरोपी महिला की तलाश में जुटी है।

रोज की तरह निकले थे बैंक

एमजी रोड थाने के एडिशनल डीसीपी ओम प्रकाश ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि फरियादी अंकित उपाध्याय सराफा बाजार में स्थित एक ज्वैलरी दुकान पर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। रोजमर्रा की तरह अंकित दुकान का कैश कलेक्शन बैंक में जमा करने के लिए थैले में 10 लाख रुपये लेकर निकले थे। बैंक के रास्ते में बीआरपी लाइन के पास उन्हें उनकी एक पुरानी परिचित महिला मिली, जिसका नाम आयुषी बताया जा रहा है। दोनों के बीच बातचीत हुई।

रील बनाने का झांसा देकर ले उड़ी रकम

बातचीत के दौरान अंकित ने महिला को बताया कि उनके पास बैंक में जमा करने के लिए 10 लाख रुपये हैं। इस पर आरोपी महिला ने कहा कि वह इंस्टाग्राम और सोशल मीडिया के लिए रील्स बनाती है, और वह इन नोटों की गड्डी के साथ एक वीडियो शूट करना चाहती है। मैनेजर अंकित ने पहले तो दुकान के पैसे होने का हवाला देकर मना किया, लेकिन महिला ने कसम देकर उससे रुपयों से भरा बैग ले लिया और वीडियो बनाने का नाटक करने लगी। इसके बाद मौका पाकर महिला कुछ ही पलों में वहां से रफूचक्कर हो गई और वापस नहीं लौटी।

अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का मामला

घटना की सूचना मिलते ही मैनेजर ने तुरंत एमजी रोड थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने फरियादी के बयानों के आधार पर अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार महिला आयुषी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m