राकेश चतुर्वेदी, भोपाल/ बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बैतूल-खंडवा स्टेट हाईवे पर बारातियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 8 वर्षीय बच्चे और एक बुजुर्ग महिला की मौके पर मौत हो गई। जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें 2 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
वाहन बचाने के दौरान नियंत्रण खो बैठा चालक
जानकारी के अनुसार, खंडवा के सिंगोट क्षेत्र से दो पिकअप वाहनों में बाराती बैतूल जिले के बगडोना गांव जा रहे थे। इसी दौरान महुपानी गांव के पास सामने से आ रहे वाहन को बचाने की कोशिश में एक पिकअप चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। पिकअप सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए पहुंचे।
जिला अस्पताल में इलाज जारी
सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल 2 लोगों की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की निगरानी कर रही है।
मातम में बदली शादी की खुशियां
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वाहन चालक से पूछताछ के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि सामने से आ रहे वाहन की वजह से पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

