राकेश चतुर्वेदी, बैतूल/भोपाल। मध्य प्रदेश के बोरदेही रेलवे स्टेशन पर हुए चर्चित हत्याकांड में जीआरपी पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हालांकि इस मामले का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, छिंदवाड़ा निवासी अली खान की हत्या ट्रेन में सफर के दौरान सीट को लेकर हुए विवाद के बाद हुई थी। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने नवीन पाटील, अमित उबनारे, अयान खान और कन्हैया उर्फ काली को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को सभी आरोपियों को जिला अस्पताल ले जाकर उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया।

ये भी पढ़ें: शादी के महज 3 महीने बाद मौत… 3 करोड़ की भव्य शादी, 100 तोला सोना देने के बाद भी नहीं भरा पेट

इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस आरोपियों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है। मृतक अली खान के साथ यात्रा कर रहे उसके दोस्तों ने पुलिस को बताया कि ट्रेन में सबसे पहले सीट को लेकर अली और सागर के बीच विवाद हुआ था। दोस्तों ने सागर की पहचान फोटो और हुलिए के आधार पर की थी। मामले की गुत्थी सुलझाने में सागर की गिरफ्तारी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

ये भी पढ़ें: ट्रेडिंग से KYC तक… एक दिन में 8 शिकार और 20 लाख की लूट, साइबर गैंग का नया खेल

जीआरपी अधिकारियों के मुताबिक, फरार आरोपी की तलाश लगातार जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में अन्य लोगों की क्या भूमिका रही और विवाद किस कारण इतना बढ़ गया कि हत्या जैसी वारदात हो गई। फिलहाल पूरे मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी का इंतजार है। माना जा रहा है कि उसके पकड़े जाने के बाद हत्या की वजह और घटनाक्रम से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m