भदोही. उत्तर प्रदेश के भदोही में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां दो सगे भाइयों ने अपनी 19 साल की बहन की गला दबाकर हत्या कर दी. इसके बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए शव को फंदे से लटका दिया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे. दोनों भाई बहन के एक लड़के से फोन पर बात करने से नाराज थे. बहन ने अपने हाथ पर उस लड़के के नाम की मेहंदी भी लगा रखी थी. पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें एक आरोपी नाबालिग है.
यह भी पढ़ें- ‘अब ट्रेन छूट चुकी है, तुम घर जाओ’, अखिलेश के रामलला दर्शन पर ब्रजेश पाठक का तंज
4 नवंबर को घर में हुई वारदात
घटना गोपीगंज थाना क्षेत्र के जखांव गांव की है. यह गांव जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर है. यहां रहने वाले तेरस बिंद ठेले पर पानी पूरी बेचते हैं. उनके दो बेटे और एक बेटी थी. बेटी 12वीं पास करने के बाद घर पर रहती थी. बड़ा बेटा सूरज (18) पिता के साथ काम करता था, जबकि छोटा बेटा 16 साल का है और 10वीं में पढ़ता है.
फोन पर बात करने से नाराज थे भाई
पिता के मुताबिक, 4 नवंबर को उनकी बेटी मोबाइल पर एक लड़के से बात कर रही थी. वह लड़का फूलबाग का रहने वाला है. दोनों भाइयों ने बहन को उससे बात करने से मना किया, लेकिन वह नहीं मानी. बहन के हाथ पर लड़के के नाम की मेहंदी भी लगी थी. इसे देखकर दोनों भाई नाराज हो गए.
हत्या के बाद आत्महत्या दिखाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों ने मिलकर बहन का गला दबा दिया. इससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद उन्होंने शव को फंदे से लटका दिया, ताकि पुलिस को लगे कि युवती ने आत्महत्या की है. शुरुआत में मामला आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट ने घटना की दिशा बदल दी.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश जी, सुना है अयोध्या जा रहे हैं? ओपी राजभर ने सपा सुप्रीमो पर कसा तंज, मथुरा और काशी को लेकर भी पूछा सवाल
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुला हत्या का राज
6 नवंबर को आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने परिवार के लोगों से पूछताछ की. कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों भाइयों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. एएसपी शुभम अग्रवाल ने शनिवार (7 नवंबर) को प्रेसवार्ता कर घटना का खुलासा किया. पुलिस ने पिता की शिकायत पर दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया. बड़े भाई सूरज को जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग भाई को बाल सुधार गृह भेजा गया है.

