भागलपुर। सोशल मीडिया पर शुरू हुई एक प्रेम कहानी का अंत भागलपुर के बूढ़ानाथ मंदिर में भारी हंगामे के साथ हुआ। इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती जब शादी के मंडप तक पहुंची, तो दूल्हे ने ऐन वक्त पर शादी से इनकार कर दिया। साढ़े तीन घंटे तक लड़की वालों को इंतजार कराने के बाद पहुंचे दूल्हे ने जो वजह बताई, उसे सुनकर हर कोई हैरान रह गया। मामला अब जोगसर थाने तक पहुंच गया है।

​इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी प्रेम कहानी

​बाथ थाना क्षेत्र का रहने वाला शिवम कुमार, जो कोलकाता में ड्राइवर है, उसकी दोस्ती भीखनपुर की रहने वाली तुलसी कुमारी से पिछले साल अगस्त में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खा लीं। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद 20 दिन पहले ही सगाई की रस्म पूरी की गई थी और 23 अप्रैल को शादी की तारीख तय हुई थी।

​मंडप पर साढ़े तीन घंटे का हाई वोल्टेज ड्रामा

​तय कार्यक्रम के अनुसार लड़की पक्ष के लोग बूढ़ानाथ मंदिर पहुंचे। जब उन्होंने शिवम को फोन किया, तो वह बहाने बनाने लगा। पहले उसने कहा कि “मैं मंदिर में ही हूं, जल्दी आओ वरना भाग जाऊंंगा”, लेकिन जब परिजन वहां पहुंचे तो वह गायब था। फिर उसने ई-रिक्शा भेजने की शर्त रखी। करीब साढ़े तीन घंटे की देरी के बाद, रात 10:30 बजे वह अपने एक दोस्त के साथ मंदिर पहुंचा।

​जाति का बहाना और शादी से इनकार

​जब मंदिर प्रशासन ने शादी की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए आधार कार्ड मांगा, तो शिवम ने देने से मना कर दिया। उसने अचानक सबके सामने कहा, “मैं ब्राह्मण हूं और लड़की पासवान समाज से है, इसलिए मैं यह शादी नहीं कर सकता। मुझसे गलती हुई है, मुझे माफ कर दो।” लड़की वालों का आरोप है कि लड़के ने शादी के नाम पर उनसे 30 हजार रुपये की मांग भी की थी।

​आरोपों का दौर: सगाई हुई तो शादी क्यों नहीं?

​दुल्हन तुलसी कुमारी का कहना है कि शिवम ने ही उसे शादी के झांसे में फंसाया था। तुलसी ने सवाल उठाया कि “अगर शादी नहीं करनी थी तो सगाई क्यों की? उसके पिता ने चूड़ी का साइज पूछकर शगुन तक लिया था, अब मेरी बदनामी का जिम्मेदार कौन होगा?” वहीं शिवम का दावा है कि उसे केस की धमकी देकर शादी के लिए मजबूर किया गया था।

​पुलिस की कार्रवाई और सामाजिक समझौता

​मामले की गंभीरता को देखते हुए राजद नेत्री सीमा जायसवाल ने पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को जोगसर थाने लाया। राजद नेता ने आशंका जताई कि लड़का लड़की को धोखा देकर कहीं और बेचने की फिराक में था। फिलहाल, थानाध्यक्ष मंटू कुमार के अनुसार, दोनों पक्षों को सामाजिक समझौते का मौका दिया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।