अतीश दीपंकर/​भागलपुर। शहर के जोगसर थाना क्षेत्र स्थित आदमपुर धोबिया टोला में एक युवक ने पारिवारिक विवाद से तंग आकर मौत को गले लगा लिया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय शिव कुमार यादव के रूप में हुई है, जो टोटो चलाकर अपने परिवार की जिम्मेदारी उठा रहा था। इस आत्मघाती कदम के बाद दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है।

​जबरन विवाह से शुरू हुई थी कहानी

​शिव कुमार की जिंदगी में उतार-चढ़ाव का सिलसिला वर्ष 2018 में शुरू हुआ था, जब उसका नारायणपुर निवासी ब्यूटी कुमारी के साथ प्रेम प्रसंग प्रारंभ हुआ। वर्ष 2020 में जब वह अपनी प्रेमिका से मिलने उसके गांव गया, तो ग्रामीणों ने उसे पकड़कर जबरन दोनों की शादी करा दी। शादी के बाद जोड़ा आदमपुर में रहने लगा, जिनसे उनके दो बच्चे भी हुए‌।

​तनाव और अलगाव की कड़वाहट

​परिजनों के अनुसार, पिछले छह महीनों से पति-पत्नी के बीच दरार आ गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि पत्नी अपने एक बच्चे को लेकर मायके चली गई। शिव कुमार अपनी पत्नी से संपर्क करने की कोशिश करता था, लेकिन आरोप है कि वह न केवल बात करने से कतराती थी, बल्कि फोन पर गाली-गलौज और अपमान भी करती थी। मृतक की मां, अंजू देवी ने बहू पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका अपने ही एक रिश्तेदार के साथ प्रेम संबंध था, जिसके कारण वह शिव कुमार को प्रताड़ित कर रही थी।

​अंतिम रात और मौत का मंजर

​घटना की रात शिव कुमार काम से लौटकर सीधे अपने कमरे में चला गया। मानसिक तनाव के चरम पर पहुंच चुके युवक ने देर रात जहरीला पदार्थ खा लिया। जब उसके छोटे भाई ने उसे अचेत अवस्था में देखा, तो आनन-फानन में उसे मायागंज अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

​पुलिस की कार्रवाई

​सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रेम प्रसंग, प्रताड़ना और आत्महत्या के सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। इलाके में इस घटना के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।