Bhanwari Devi Bishnoi Murder Case: जोधपुर के लोहावट में भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भजनलाल सरकार पर निशाना साधा है। गहलोत ने कहा कि घटना के 11 दिन बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पुलिस प्रशासन नाकाम है या आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है।

11 दिन बाद भी मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर
अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि 27 जुलाई को लोहावट के जंभेश्वर नगर में 32 वर्षीय भंवरी देवी विश्नोई की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। हमले में उनकी दो बेटियां भी गंभीर रूप से घायल हुई थीं। गहलोत के मुताबिक घटना के 11 दिन बाद भी पुलिस मुख्य आरोपियों तक नहीं पहुंच पाई है।
गहलोत ने बताया कि पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई समेत 60 से ज्यादा लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आमरण अनशन पर बैठे हैं। फलोदी थाने के बाहर समर्थकों ने करीब 2 किलोमीटर पैदल मार्च निकालकर भी विरोध जताया।
प्रशासन ने मांगा था 5 दिन का समय
गहलोत के अनुसार, 31 जुलाई को कलेक्टर और एसपी के साथ हुई वार्ता में प्रशासन ने कार्रवाई के लिए पांच दिन का समय मांगा था। यह समय बीतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
उन्होंने कहा कि 11 दिन बाद भी हत्यारोपियों का पकड़ा नहीं जाना गंभीर सवाल खड़े करता है। गहलोत ने पूछा कि क्या पुलिस प्रशासन नाकाम है या आरोपियों को कोई राजनीतिक संरक्षण मिल रहा है?
गिरफ्तारी की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरना
भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोहावट पुलिस थाने के बाहर अनिश्चितकालीन अनशन और धरना जारी है। पूर्व विधायक किसनाराम विश्नोई सहित 60 से अधिक लोग इसमें शामिल हैं। अनशन के दौरान दो लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाया गया।
27 जुलाई की रात हुई थी हत्या
लोहावट थाना क्षेत्र के जंभेश्वर नगर में 27 जुलाई की देर रात घर के बाहर सो रही भंवरी देवी विश्नोई पर अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हमला किया था। उनकी गला रेतकर हत्या कर दी गई। हमले में उनकी 16 वर्षीय बेटी रामज्योति और 10 वर्षीय बेटी भी गंभीर रूप से घायल हुई थीं।
मृतका के पिता ओमप्रकाश के अनुसार, भंवरी देवी की किसी से दुश्मनी नहीं थी। उनके पति गंगाविशन विश्नोई ट्रक चालक हैं। मामले में पुलिस की जांच जारी है और आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- अबान के जनाजे में बेकाबू हुई भीड़! बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़े लोग, फूट-फूटकर रोए उमर और अली
- शेख हसीना के समर्थन में उतरे क्रिकेटर शाकिब अल हसन बांग्लादेश लौटने को तैयार, 2027 वर्ल्ड कप पर नजर
- गलती पर गलतीः हत्या के आरोपी पुलिस की पिस्टल लेकर भागा, कर दी फायरिंग, जानिए फिर कानून के रखवालों ने क्रिमिनल को कैसे दबोचा
- रामघाट पर शिप्रा आरती को लेकर विवाद, महाकाल मंदिर समिति और पंडा-पुरोहित आमने-सामने, 11 साल पुरानी परंपरा पर घमासान
- केरल में ‘वंदे मातरम्’ पर सियासी संग्राम, पिनाराई विजयन बोले- RSS एजेंडा लागू करने की साजिश, तुरंत वापस लें फैसला

