Rajasthan News: लोहावट क्षेत्र में भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चल रहा जनआंदोलन नए मोड़ पर पहुंच गया है। पिछले 10 दिनों से बेमियादी अनशन पर बैठे पूर्व विधायक किशनाराम विश्नोई समेत अन्य अनशनकारियों ने रविवार को अनशन समाप्त कर दिया।

सर्व समाज के वरिष्ठ प्रबुद्धजनों, पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सलीम नागौरी, पूर्व विधायक मलखान सिंह विश्नोई और मृतका की बेटी सोनू विश्नोई के सामूहिक आग्रह के बाद यह फैसला लिया गया। हालांकि, आंदोलनकारियों ने साफ किया है कि भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड में पूर्ण खुलासा होने तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा।
मृतका की बेटी सोनू विश्नोई ने अनशनकारियों को जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। इस दौरान धरना स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आंदोलनकारियों का कहना है कि अनशन समाप्त किया गया है, लेकिन न्याय की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व मंत्री सालेह मोहम्मद ने कहा, न्याय की लड़ाई में परिवार के साथ
धरना स्थल पर पहुंचे पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद ने अनशनकारियों से मुलाकात की। उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन से मामले का जल्द निस्तारण करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
सालेह मोहम्मद ने कहा कि भंवरी देवी विश्नोई हत्या मामले में लंबे समय से न्याय की मांग को लेकर पूर्व विधायक किशनाराम विश्नोई और सैकड़ों साथी धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना आगे भी जारी रहेगा और न्याय की इस लड़ाई में पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सलीम नागौरी और पूर्व विधायक मलखान सिंह विश्नोई ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सर्व समाज पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर एकजुट है।
SIT ने तेज की जांच
सरकार के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम यानी SIT ने लोहावट और आसपास के ग्रामीण इलाकों में जांच तेज कर दी है। टीम घटना से जुड़े अलग-अलग पहलुओं के साथ तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।
जांच के दौरान पुराने और नए कॉल डिटेल रिकॉर्ड, लोकेशन ट्रेसिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है। मामले से जुड़े संदिग्धों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।
शुरुआती पड़ताल में सामने आए कुछ नए सुरागों के आधार पर जांच टीम आगे की कार्रवाई कर रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक मामले का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
क्या है भंवरी देवी विश्नोई हत्याकांड?
लोहावट क्षेत्र के जंभेश्वर नगर में जुलाई महीने के आखिरी सप्ताह में भंवरी देवी विश्नोई की घर के बाहर सोते समय अज्ञात हमलावरों ने चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
घटना के कई दिन बीतने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी और हत्या के कारणों का पूरी तरह खुलासा नहीं होने से लोगों का विरोध बढ़ता गया। इसी मांग को लेकर लोहावट पुलिस थाने के बाहर हजारों लोगों का धरना-प्रदर्शन जारी है। स्कूली बच्चों और शिक्षकों ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई है।
पूर्व विधायक किशनाराम विश्नोई ने भी त्वरित कार्रवाई और न्याय की मांग को लेकर समर्थकों के साथ अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी, जो 10 दिन बाद समाप्त कर दी गई।
पुलिस का क्या कहना है?
फलोदी पुलिस और प्रशासन के अनुसार मामले में संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस तकनीकी और तथ्यात्मक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल मामले में कोई आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है।
पढ़ें ये खबरें
- UP में रानी अवंतीबाई लोधी के नाम पर महिला PAC बटालियन, CM योगी बोले- वीरांगनाओं का सम्मान हमारी जिम्मेदारी
- पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि, CM धामी ने दी श्रद्धांजलि
- Rajasthan News: 10 दिन का अनशन खत्म, लेकिन भंवरी देवी को न्याय मिलने तक नहीं रुकेगा आंदोलन
- पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि आज, परमाणु परीक्षण में दुनिया को भारत की ताकत दिखाने का श्रेय
- पप्पू यादव का आज हल्ला बोल, जानें क्यों रखेंगे एक दिवसीय उपवास, ये है प्रमुख मांग

