हरियाणा सरकार ने फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को राज्य में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया है। सीएम नायब सिंह सैनी और कंगना रनौत ने साथ मिलकर फिल्म देखी।

कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आतंकी हमले की घटना पर आधारित फिल्म “भारत भाग्य विधाता” का अवलोकन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी श्रीमती सुमन सैनी, कई कैबिनेट मंत्री, सांसद, विधायक एवं फिल्म अभिनेत्री व सांसद कंगना रनौत भी मौजूद रहीं।

फिल्म प्रदर्शन के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा में फिल्म “भारत भाग्य विधाता” को टैक्स फ्री करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री के इस फैसले का स्वागत करते हुए अभिनेत्री एवं सांसद कंगना रनौत ने उनका आभार व्यक्त किया।

इस मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने फिल्म को राष्ट्रभक्ति और आतंकवाद के खिलाफ जनजागरूकता से जोड़ते हुए इसकी सराहना की। सरकार के इस फैसले के बाद अब हरियाणा में दर्शक टैक्स फ्री होकर फिल्म देख सकेंगे।