सतीश सिंह, लखनऊ. आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव तीन-चार महीने दूर हैं और चुनावी आहट पाते ही भाजपा भारतीय झगड़ा पार्टी बनकर सक्रिय हो गई है. उनका कहना है कि भाजपा जनता के बुनियादी मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए हिंदू-मुसलमान के बीच तनाव, दंगा और फसाद कराने की कोशिश कर रही है.

संजय सिंह ने जनता से अपील की कि वे सचेत रहें और भाजपा के नफरती मंसूबों को कामयाब न होने दें. उन्होंने कहा कि स्कूल, अस्पताल, सड़क और रोजगार जैसे मुद्दों पर चर्चा से भाजपा भाग रही है. उन्होंने सवाल उठाए कि मिड-डे मील में बच्चों को नमक-रोटी क्यों दी जा रही है, अस्पतालों में मोमबत्ती की रोशनी में ऑपरेशन क्यों हो रहे हैं, हाईवे पर गड्ढे क्यों हैं, पानी की टंकियां उद्घाटन से पहले क्यों ढह रही हैं और रोजगार मांगने वाले युवाओं पर लाठियां क्यों बरसाई जा रही हैं.

इसे भी पढ़ें : ‘मुर्दों की जमीन पर भी खा गए मलाई!’ CM के गढ़ में फूटा अजय राय का गुस्सा; बोले- राजघाट हादसा नहीं, हत्या है

संजय सिंह ने सहारनपुर का जिक्र करते हुए कहा कि याकूब खान और वाहिद खान के नाम दर्ज जमीन पर 100 साल पुरानी मस्जिद थी, जिसका 1911 का बिजली बिल मौजूद है. प्लेसेस ऑफ वर्शिप एक्ट और वक्फ बाय यूजर के कानूनों को ताक पर रखकर मस्जिद तोड़ी गई. भाजपाई लड्डू बांटकर दंगों का इंतजार कर रहे थे, लेकिन हिंदू और मुसलमान दोनों ने परिपक्वता दिखाकर साजिश को नाकाम कर दिया. उन्होंने आगे आरोप लगाया कि सहारनपुर में मुंह की खाने के बाद मुजफ्फरनगर दंगों की बरसी भुनाने की कोशिश की गई. अब मुरादाबाद, संभल और मेरठ में दरगाह-मस्जिद गिराने की बात कर माहौल जहरीला किया जा रहा है.

मीडिया पर साधा निशाना

संजय सिंह ने मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि 1990 के दशक में रवांडा में ‘रेडियो रवांडा’ ने नफरत फैलाकर लगभग 10 लाख लोगों का कत्लेआम कराया था. आज देश का गोदी मीडिया वही काम कर रहा है. वह स्कूल, बेरोजगारी और स्वास्थ्य पर नहीं, बल्कि दिन-रात हिंदू-मुसलमान पर डिबेट चलाकर जहर घोल रहा है. उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अब तक 668 से अधिक मंदिर तोड़े जा चुके हैं. अकेले काशी विश्वनाथ कॉरिडोर के नाम पर बनारस में 300 से ज्यादा प्राचीन मंदिर तोड़े गए. संजय सिंह ने कहा कि धर्मनिरपेक्षता का मतलब है मुसलमान के हक के लिए हिंदू बोले और हिंदू के हक के लिए मुसलमान खड़ा हो. चार महीने बाद चुनाव हैं. जनता को तय करना है कि महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल सड़कें, खुले मैनहोल में मौतें और इथेनॉल मिले पेट्रोल से इंजन सीज होने की मार झेलती रहे या बच्चों के लिए अच्छे स्कूल और बेहतर भविष्य चुने.