संजय पाटीदार/शिखिल ब्यौहार, भोपाल। भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि सरकार की सभी व्यवस्था असफलता की तरफ जा रही है। किसानों की समस्या का अतिशीघ्र निराकरण करें, दहशरा तक समय देते है, वरना सरकार के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं उन्होंने बिजली कटौती को लेकर भी सिस्टम को घेरा है।

भारतीय किसान संघ के प्रदेश अध्यक्ष कमल सिंह आंजना ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने बताया कि किसान संघ की प्रमुख मांग बिजली, बीज, खाद, पानी, समर्थन मूल्य पर खरीदी, फसल बीमा है। वहीं उन्होंने बिजली कटौती पर सरकार को घेरते हुए कहा कि सिंचाई की बिजली के अलावा घरों की बिजली भी मेंटेनेंस के नाम पर काटी जा रही है। किसान के साथ आमजन भी परेशान है। नींद लगने के समय बिजली कटौती करा दी जाती है। ग्रामीण इलाकों में सबसे ज्यादा परेशानी है। मंत्री जो कहते हैं वह करते नहीं है।

खाद को लेकर उठाया सवाल

उन्होंने खाद को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि ई टोकन से किसान परेशान है। सरकार के पोर्टल काम नहीं कर रहे है। पंजीयन करने में दिक्कत हो रही है। किसान को खाद उपलब्ध नहीं हो रहा है। आने वाले समय में अनाज में मूल्य वृद्धि होगी। मूल्य वृद्धि का ठीकरा नहीं फोड़ना चाहिए। बिना पानी वाले बीज सरकार के पास उपलब्ध नहीं है।

प्रदेश में बिजली संकट!

प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली संकट की खबरे आ रही है। कल सोमवार को हुई कैबिनेट की बैठक में भी यह मामला उठा। मीटिंग में मंत्रियों ने कहा था कि देर रात कार्यकर्ताओं के गुल बिजली को लेकर फोन बजते हैं। वहीं अब किसान संघ ने भी बिजली संकट को लेकर आपत्ति जताई है।

बीजेपी ने कही ये बात

इस मामले पर बीजेपी सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि बारिश की स्थिति अनुकूल नहीं रही है। बहुत सारी परिस्थितियों के कारण यह स्थिति बनी है। तूफान का भी असर रहा है। सरकार जिम्मेदारी से काम कर रही है। जनप्रतिनिधि अपना-अपना पक्ष रखते हैं, यह उनका अधिकार है। वैकल्पिक व्यवस्था की ओर भी ध्यान दे रहे है, जो भी दिक्कत है जल्द खत्म होगी।

कांग्रेस बोली- अंधकार में ग्रामीण अंचल

वहीं कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता राजुल राज ने कहा कि कल पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने पत्र लिखा था। धान और सोयाबीन की फसल की सामने बड़ी समस्या है। तूफान के कारण बारिश तो ठीक अब ठंड की भी दिक्कत है। गांव में 10 घंटे भी बिजली नहीं मिल पा रही है। बीजेपी के मंत्री, विधायक, सांसद तक परेशान है। कृषि कल्याण वर्ष में किसान सबसे ज्यादा परेशान है। बर्बाद होती फसल पर सरकार की चिंता नहीं है। सरकार गजब की नीति पर चल रही है। सस्ती बिजली बेच रहे और मंहगी बिजली खरीद रही है। प्रदेश के ग्रामीण अंचल में अंधकार है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m