भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड में लोकायुक्त ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वतखोर पटवारी को दबोचा है। आरोपी पटवारी उस वक्त पकड़ा गया जब वह फैक्ट्री के पास सीमांकन के एवज में पैसे ले रहा था। टीम उसके खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है।
मालनपुर के तुकेंडा गांव निवासी किसान रामवीर सिंह चौहान अपनी पैतृक जमीन का सीमांकन करवाना चाहता था। उन्होंने सारी प्रक्रिया पूरी कर ली। लेकिन संहल्का पटवारी हिमांशु तोमर ने काम करने के एवज में पैसों की डिमांड करनी शुरू कर दी।
पटवारी ने पीड़ित किसान से 10 हजार रुपए की मांग की थी लेकिन 8 हजार में दोनों के बीच सौदा हो गया। इस दौरान किसान ने ग्वालियर लोकायुक्त में शिकायत दर्ज करवा दी। सत्यता पाए जाने पर टीम ने उसे केमिकल लगा हुआ नोट थमाकर भेज दिया।
जैसे ही किसान ने पहली किश्त के रूप मे 6 हजार रुपए उसे दिए, टीम ने उसे रंगे हाथ दबोच लिया। बाद में उसके हाथ धुलवाए गए तो पानी का रंग गुलाबी हो गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई। टीम ने आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली और उसे हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी।

