अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों को लेकर भिवानी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुई खुर्द में तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में विद्यार्थियों को मानसिक एकाग्रता और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया।

अजय सैनी,भिवानी। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर हरियाणा योग आयोग और आयुष विभाग भिवानी के तत्वावधान में कैरू खंड के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जुई खुर्द में तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। , जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डा. रश्मि शर्मा, जिला योग समन्वयक डा. संजय वैद और जिला योग विशेषज्ञ डा. निशा खट्टर के कुशल मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। शिविर के दौरान मुख्य प्रशिक्षक योग सहायक ममता और मनोज ने विद्यार्थियों को अत्यंत सरल व वैज्ञानिक तरीके से ताड़ासन, वृक्षासन, कपालभांति और अनुलोम-विलोम जैसी महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का अभ्यास कराया, जिसकी अध्यक्षता स्कूल के प्राचार्य राजेश अरोड़ा ने की।

डिजिटल युग में बच्चों के लिए योग जरूरी

इस योग शिविर का सफल संयोजन सलाह के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं विद्यालय के हिंदी प्रवक्ता राजबीर शर्मा धारेडू के नेतृत्व में किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को योग का महत्व समझाते हुए कहा कि आज के इस डिजिटल और तनावभरे दौर में बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग बेहद जरूरी हो चुका है। हरियाणा योग आयोग और आयुष विभाग द्वारा स्कूलों में चलाई जा रही यह प्रशिक्षण मुहिम वाकई में बेहद सराहनीय कदम है।

मानसिक विकास का अचूक माध्यम है योग

प्रवक्ता राजबीर शर्मा ने आगे कहा कि योग सिर्फ एक शारीरिक कसरत नहीं है, बल्कि यह बच्चों की मानसिक एकाग्रता, स्मरण शक्ति और बौद्धिक क्षमता को बढ़ाने का सबसे सटीक माध्यम है। जब हमारे प्रदेश का बचपन कम उम्र से ही योग परंपरा से जुड़ेगा, तभी एक स्वस्थ, ऊर्जावान और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव हो पाएगा। उन्होंने सभी बच्चों से इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

स्कूल में निरंतर जारी रहेंगी योग गतिविधियां

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य राजेश अरोड़ा ने सभी मुख्य योग प्रशिक्षकों का स्वागत और धन्यवाद किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी विद्यालय के भीतर इस प्रकार की स्वास्थ्यवर्धक और उपयोगी खेल गतिविधियां निरंतर आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि छात्र-छात्राएं अपनी पढ़ाई के साथ-साथ शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य के मामले में भी हमेशा अव्वल बने रहें।

शिविर में मौजूद रहा पूरा स्कूल स्टाफ

इस तीन दिवसीय योग प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर स्कूल स्टाफ के कई गणमान्य सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इनमें बलवान डीपीई, भूपेंद्र शर्मा, दलबीर और महेंद्र सहित समस्त शिक्षक, गैर-शिक्षक कर्मचारी और भारी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। सभी ने प्राणायाम के नियमों का नियमित पालन करने का संकल्प लिया।