अजय सैनी, भिवानी। हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 491 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने गांव बैराण में ओबरा-लोहारू रोड पर नाकाबंदी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नसीब पुत्र रामफल, निवासी ओबरा ढाणी, थाना बहल, जिला भिवानी के रूप में हुई है। उसके पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
सूचना के बाद पुलिस ने की नाकाबंदी
भिवानी यूनिट प्रभारी निरीक्षक मनोज सांगवान के अनुसार, उप निरीक्षक मक्खन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ओबरा बस अड्डे के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि नसीब अवैध रूप से चरस की बिक्री करता है और मोटरसाइकिल से चरस लेकर ओबरा से लोहारू रोड की ओर जाने वाला है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास, ओबरा-लोहारू रोड, गांव बैराण में नाकाबंदी की।
पुलिस को देखकर बाइक मोड़कर भागने की कोशिश
कुछ देर बाद सूचना के अनुसार एक मोटरसाइकिल वहां पहुंची। पुलिस टीम ने चालक को रुकने का इशारा किया। चालक ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर निकलने की कोशिश की। पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
पूछताछ में चालक की पहचान नसीब पुत्र रामफल के रूप में हुई।
लोअर की जेब से मिली 491 ग्राम चरस
पुलिस के अनुसार, राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में आरोपी की विधिवत तलाशी ली गई। इस दौरान उसके लोअर की जेब से नशीला पदार्थ बरामद हुआ। जांच में यह चरस मिली। वजन करने पर इसकी मात्रा 491 ग्राम पाई गई।
पुलिस ने चरस के साथ आरोपी की मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज
बरामदगी के संबंध में आरोपी नसीब के खिलाफ थाना बहल में एनडीपीएस एक्ट के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले में आगामी जांच जारी है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के प्रमुख संजय कुमार के दिशा-निर्देशन में प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



