भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले के बहल गांव में मंगलवार सुबह करीब 9 बजे नाले में अचानक आग भड़क गई। नाले से उठते काले धुएं का गुबार दूर तक दिखाई दिया। आसपास के पेड़ भी आग की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।

दो दिन पहले पलटा था केमिकल से भरा टैंकर

जिस नाले में आग लगी, उसकी लंबाई करीब 100 मीटर बताई गई है। नाले के आसपास कोई घर नहीं है। जानकारी के मुताबिक, 19 सितंबर की देर रात बहल बस स्टैंड के पास केमिकल से भरा एक टैंकर पलट गया था। इसके बाद टैंकर से निकला केमिकल नाले में फैल गया था।

अब आशंका जताई जा रही है कि नाले में फैले इसी केमिकल के कारण आग लगी। हालांकि, आग लगने की वजह की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

ग्रामीणों ने प्रशासन को दी सूचना

बहल निवासी राजेंद्र ने बताया कि नाले में आग लगी देखकर उन्होंने तुरंत प्रशासन को सूचना दी। आग की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। आग से उठता काला धुआं काफी दूर तक दिखाई दे रहा था।

ग्रामीणों और मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया। बताया गया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंचने में काफी समय लगा। इसके पीछे बहल में फायर ब्रिगेड कार्यालय का नहीं होना भी एक कारण बताया गया।

पेड़ों तक पहुंची आग

नाले में लगी आग आसपास के पेड़ों तक भी पहुंच गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पेड़ों में लगी आग को बुझाने का प्रयास किया। आग के कारण इलाके में कुछ समय तक काले धुएं का गुबार छाया रहा।

SHO बोले- नाला रिहायशी इलाके में नहीं

बहल थाना SHO उग्रसेन ने बताया कि सुरपुरा रोड पर नाले में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया।

SHO के मुताबिक, दो दिन पहले इसी जगह के पास केमिकल से भरा टैंकर पलटा था। टैंकर से केमिकल का रिसाव होकर नाले में फैल गया था। इसी वजह से नाले में आग लगने की आशंका है। उन्होंने बताया कि गनीमत रही कि यह नाला रिहायशी इलाके में नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m