भिवानी: चौधरी सुरेंद्र सिंह मेमोरियल हुडा पार्क के सामने रविवार को ब्लॉक कांग्रेस का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रोहतक के सांसद दीपेंद्र हुड्डा मुख्य अतिथि रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ने की। इस दौरान सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी, कांग्रेस नेता राव दान सिंह, पूर्व विधायक डॉ. शिवशंकर भारद्वाज और जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी सहित कई नेता मौजूद रहे।

दीपेंद्र हुड्डा ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकारें जनविरोधी हैं और आम आदमी परेशान है। उन्होंने कहा कि इस परेशानी से निजात पाने के लिए सभी को मिलकर संघर्ष करना होगा।

‘केंद्र सरकार की नीति का खामियाजा आम नागरिक भुगत रहा’

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का खामियाजा देश के आम नागरिक को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश पर कर्ज लगातार बढ़ रहा है और केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।

उन्होंने कहा कि पढ़े-लिखे युवाओं ने भी सरकार की विफलता को सामने रखा है। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि सरकार को जनहित के मुद्दों पर जवाब देना चाहिए।

उन्होंने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार झूठे वादों की झड़ी लगाते हैं, लेकिन अब हर आदमी उनकी हकीकत जान गया है।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पिछले 12 साल में केंद्र सरकार ने जो जनविरोधी नीतियां अपनाई हैं, उनकी भरपाई निकट भविष्य में नहीं हो सकती। इसके लिए सभी को मिलकर सार्थक प्रयास करने होंगे।

सतपाल ब्रह्मचारी बोले- भिवानी के विकास में बंसीलाल और हुड्डा का योगदान

सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने कहा कि भिवानी का वास्तविक विकास चौधरी बंसीलाल ने करवाया और उनके बाद चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विकास को आगे बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सभी को समय की नजाकत को समझते हुए एकजुट होकर संघर्ष करना होगा, ताकि जनविरोधी सरकार से छुटकारा मिल सके।

चौधरी बंसीलाल को भारत रत्न देने का प्रस्ताव

सम्मेलन में जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने चौधरी बंसीलाल को भारत रत्न देने का प्रस्ताव रखा। मौजूद लोगों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया।

जिला शहरी कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुलिया ने कहा कि समय का अभाव है। इसलिए उन्होंने अपने हिस्से का समय भी सांसद दीपेंद्र हुड्डा को दे दिया। उन्होंने बताया कि सांसद को आगे भी एक कार्यक्रम में शामिल होना है।

उमस भरी गर्मी के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता दोपहर बाद साढ़े तीन बजे तक सम्मेलन में मौजूद रहे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m