(भिवानी)। हरियाणा के भिवानी जिले स्थित तोशाम में वीरवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक प्राइवेट स्कूल की बस के फर्श से 4 साल की केजी कक्षा की छात्रा नीचे निकल गई। बस के हल्का सा चलते ही बच्चों के चिल्लाने पर परिजनों ने बच्ची को संभाला और सुरक्षित बचा लिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
गर्दन फर्श पर फंसी, टायर के नीचे आने से बची बच्ची
तोशाम निवासी सुमित महता ने वीरवार को अपनी 4 वर्षीय बेटी को प्राइवेट स्कूल की बस में बैठाया था। बस के हल्की सी आगे बढ़ते ही अंदर से बच्चों के चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। परिजनों ने देखा कि बच्ची की गर्दन बस के फ्लोर पर फंसी हुई थी। उसकी गर्दन ऊपर थी और शरीर का निचला हिस्सा नीचे की तरफ था। परिजनों ने बड़ी मुश्किल से बच्ची को बाहर निकाला। गनीमत रही कि बच्ची बस के टायर के नीचे नहीं आई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
चालक मौके से फरार, 1 साल से चल रही थी बस
हादसे के तुरंत बाद परिजनों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान बस का ड्राइवर मौका पाकर फरार हो गया। परिजनों के अनुसार, यह बस पिछले एक साल से चल रही थी, लेकिन किसी ने भी इसकी हालत की तरफ ध्यान नहीं दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


