भोजपुर। दहेज की लालसा ने एक हंसती-खेलती जिंदगी को हमेशा के लिए शांत कर दिया। जिले के सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के देव पोखरा गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक नवविवाहिता की कथित तौर पर गला दबाकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान देव पोखरा गांव निवासी हरेंद्र कुमार साह की 21 वर्षीया पत्नी निभा कुमारी के रूप में हुई है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है और मृतका के घर में कोहराम मचा हुआ है।

​महज पांच महीने पहले हुई थी शादी

​मृतका के जीजा दीपक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि रोहतास जिले के कच्छवां थाना क्षेत्र के कंचन बिगहा गांव निवासी विजय साह ने अपनी पुत्री निभा कुमारी की शादी इसी साल 25 अप्रैल को हिंदू रीति-रिवाज के साथ सिकरहट्टा थाना क्षेत्र के देव पोखरा गांव निवासी हरेंद्र कुमार साह के साथ की थी। शादी में पिता ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दो लाख रुपये नकद, एक बाइक और अन्य कीमती सामान उपहार स्वरूप दिए थे। चार बहनों और एक भाई में सबसे छोटी निभा के ससुराल में कदम रखते ही खुशियां कुछ ही दिनों की मेहमान साबित हुईं।

​प्रताड़ना और टॉर्चर का दौर

​परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के अन्य सदस्यों द्वारा अतिरिक्त दहेज के रूप में पैसों और अन्य सामान की मांग को लेकर निभा को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। मृतका जब भी अपने मायके फोन करती थी, तो वह अक्सर ससुराल वालों द्वारा दिए जा रहे मानसिक और शारीरिक टॉर्चर का जिक्र करती थी। मायके वालों का कहना है कि इसी प्रताड़ना के चलते उसकी जान ले ली गई।

​पुलिस जांच और एफएसएल की कार्रवाई

​घटना की सूचना मिलने पर जब परिजन देव पोखरा गांव पहुंचे, तो उन्होंने अपनी बेटी का शव घर के बरामदे में जमीन पर पड़ा हुआ देखा। उसकी गर्दन पर काले रंग का गहरा गोल निशान साफ दिखाई दे रहा था, जो गला घोंटे जाने की ओर इशारा कर रहा था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिकरहट्टा थानाध्यक्ष सनोज कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की टीम को बुलाया गया था। एफएसएल टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। वारदात के बाद से मृतका का पति और अन्य ससुराल वाले घर छोड़कर फरार हैं। फिलहाल पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।