शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के एयरपोर्ट रोड पर रफ्तार के कहर और बेखौफ हनक की दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। यहाँ एक ओवरटेक करने की होड़ में तेज रफ्तार कार ने ओला टैक्सी ड्राइवर को ज़ोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि टैक्सी ड्राइवर के दोनों पैर पूरी तरह फ्रैक्चर हो गए और सिर में गंभीर चोटें आई हैं। वह अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहा है। लेकिन हैरान करने वाली बात यह रही कि इतना बड़ा हादसा करने के बाद भी कार सवारों का रौब कम नहीं हुआ।

ये भी पढ़ें: पेंशनर्स की उम्मीदों पर फिरा पानी! MP सरकार अब कोर्ट की शरण में, 59 महीने के एरियर्स भुगतान के बजाय स्टे लेने की तैयारी

हादसे के बाद हाई-वोल्टेज ड्रामा: “मेरे पापा वकील हैं!”

गांधीनगर थाना क्षेत्र के एयरपोर्ट रोड पर घटे इस हादसे में कार के भीतर एक पुरुष और एक महिला सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ओवरटेक करने के चक्कर में कार बेकाबू हुई और उसने सामने से आ रहे ओला टैक्सी ड्राइवर को उड़ा दिया। टक्कर के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। जब गुस्साई भीड़ और साथी ड्राइवरों ने कार को घेरा, तो कार सवार महिला का हाई-वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया। सामने आए वीडियो में महिला साफ कहती नजर आ रही है “मेरे पापा वकील हैं!”

दोनों पैर फ्रैक्चर, सिर में चोट… अब कैसे चलेगी घर की आजीविका?

अस्पताल में भर्ती ओला ड्राइवर की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक उसके दोनों पैरों में मल्टीपल फ्रैक्चर आए हैं और सिर में गहरी चोट है। इस दर्दनाक हादसे ने न केवल ड्राइवर को शारीरिक रूप से तोड़ दिया है, बल्कि उसके परिवार के सामने आजीविका का बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। दिन-रात गाड़ी चलाकर अपने परिवार का पेट पालने वाले इस टैक्सी ड्राइवर के दोनों पैर टूटने के बाद अब कई महीनों तक गाड़ी चलाना तो दूर, चलना भी असंभव है।

ये भी पढ़ें: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मांगी माफी ! बोले- संध्या यादव मेरी बेटी जैसी, मेरे शब्दों को गलत तरीके से लिया गया ‘मैं खेद प्रकट करता हूं’ कहा- ‘मेरी बेटी भी दुखी है’

एयरपोर्ट पर मचा भारी बवाल, पुलिस ने कार की जब्त

हादसे और कार सवारों की बदतमीजी के बाद मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। एयरपोर्ट रोड पर सुरक्षा बलों और गांधीनगर पुलिस ने मोर्चा संभाला। आक्रोशित भीड़ को शांत कराते हुए पुलिस ने आरोपी कार को जब्त कर लिया है और कार सवार पुरुष व महिला को हिरासत में लेकर गांधीनगर थाने ले गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m