हेमंत शर्मा, इंदौर। महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ने के बाद कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सफाई जारी की है। अपने वीडियो संदेश में विजयवर्गीय ने पूरे मामले पर खेद प्रकट किया और कहा कि उनके बयान के शब्दों को कांग्रेस के लोगों ने गलत तरीके से उठाया।विवादित टिप्पणी के बाद सामने आए इस स्पष्टीकरण में विजयवर्गीय ने संध्या यादव को ‘अपनी बेटी जैसी’ बताया। उन्होंने कहा कि संध्या यादव को उन्होंने बचपन में गोद में खिलाया है और उनके साथ उनका पारिवारिक संबंध जैसा भाव है।

मैं इस संबंध में खेद प्रकट करता हूं’

कैलाश विजयवर्गीय ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि कार्यक्रम के दौरान उन्होंने संध्या यादव को लेकर जो शब्द कहे, उन्हें कांग्रेस के लोगों ने अलग तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य संध्या यादव को लेकर किसी तरह की गलत टिप्पणी करना नहीं था।विजयवर्गीय ने कहा कि इस पूरे मामले को मीडिया में जगह मिलने से उन्हें दुख हुआ है और उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह अपने बयान को लेकर खेद प्रकट करते हैं।

संध्या मेरी बेटी जैसी हैं, बचपन में गोद में खिलाया है

विजयवर्गीय ने अपने स्पष्टीकरण में संध्या यादव के साथ अपने पुराने संबंध का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने संध्या को बचपन में गोद में खिलाया है। उन्होंने कहा कि संध्या उनके लिए बेटी जैसी हैं।मंत्री के मुताबिक, न तो संध्या यादव के मन में उनके प्रति कोई गलत भावना है और न ही उनके मन में संध्या को लेकर ऐसा कुछ है। उन्होंने अपने बयान को इसी पारिवारिक संदर्भ में देखने की बात कही।

विवाद बढ़ा तो सामने आया स्पष्टीकरण

दरअसल, इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विजयवर्गीय ने पहले संध्या यादव के काम की तारीफ की थी। उन्होंने उनके वार्ड में मेहनत करने और लगातार काम करने का जिक्र किया। इसके बाद मंच से विधायक महेंद्र हार्डिया की ओर देखते हुए उन्होंने संध्या यादव को लेकर ‘चौड़ाई बढ़ गई’ वाली टिप्पणी की थी।इसी टिप्पणी का वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हुआ और सार्वजनिक मंच पर महिला जनप्रतिनिधि को लेकर ऐसी टिप्पणी किए जाने पर सवाल उठने लगे।अब विवाद बढ़ने के बाद विजयवर्गीय ने स्वयं वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा है।

मेरी बेटी भी दुखी है

कैलाश विजयवर्गीय ने अपने स्पष्टीकरण में यह भी कहा कि इस पूरे मामले को जिस तरह से मीडिया में जगह मिली, उससे उनकी बेटी भी दुखी है। उन्होंने कहा कि उनके शब्दों को जिस तरीके से पेश किया गया, उससे उन्हें भी पीड़ा हुई।मंत्री ने अपने बयान को लेकर एक बार फिर खेद जताते हुए विवाद को समाप्त करने की कोशिश की है।

बयान से विवाद और फिर सफाई… अब मामला किस मोड़ पर?

कैलाश विजयवर्गीय के इस पूरे प्रकरण में घटनाक्रम बयान से विवाद और फिर सफाई तक पहुंच गया है। एक तरफ उनके बयान को लेकर सवाल उठे, वहीं अब मंत्री ने स्वयं सामने आकर संध्या यादव को बेटी जैसा बताते हुए अपने शब्दों पर खेद जताया है।यानी मंच पर निकले कुछ शब्दों ने राजनीतिक चर्चा को जन्म दिया और विवाद बढ़ने के बाद मंत्री को कैमरे के सामने आकर सफाई देनी पड़ी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m