संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग इलाके में स्थित हाउसिंग बोर्ड के EWS जनता क्वार्टर्स पर जल्द ही बुलडोजर चलने वाला है। इन जर्जर फ्लैट्स पर आगामी 14 नवंबर से ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई शुरू की जाएगी, जिसके लिए प्रशासन ने रहवासियों को 13 नवंबर तक मकान खाली करने के आदेश जारी कर दिए हैं। नगर निगम द्वारा इन मकानों को मई 2016 में ही जर्जर घोषित कर दिया गया था। अब मध्य प्रदेश पुनर्विकास नीति 2022 के तहत इन पुराने और खतरनाक मकानों को तोड़कर यहां आधुनिक मल्टी का निर्माण किया जाएगा।
पात्रों को मिलेगा नया फ्लैट और मासिक किराया
इस पूरी योजना के तहत कुल 600 जर्जर मकानों को जमींदोज किया जाएगा लेकिन इनमें से सिर्फ 110 मूल आवंटी ही पूरी तरह वैध पाए गए हैं। इन 110 पात्र आवंटियों को ही नया फ्लैट दिया जाएगा जो मौजूदा मकानों से करीब 20 प्रतिशत बड़े होंगे और पुनर्विकास के दौरान उन्हें कलेक्टर गाइडलाइन के अनुसार मासिक किराया भी मिलेगा।
वहीं दूसरी ओर करीब 200 परिवारों के पास नोटरी दस्तावेज होने का दावा है और कई परिवारों की आधी से ज्यादा किस्तें भी बकाया हैं, जिन्हें लेकर रहवासियों का आरोप है कि हाउसिंग बोर्ड इन्हें भी अवैध मान रहा है। इसके अलावा करीब 300 परिवारों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं होने के कारण हाउसिंग बोर्ड उन्हें अवैध कब्जाधारी मान रहा है, और ऐसे परिवारों को पुनर्विकास योजना का कोई लाभ नहीं मिल सकेगा।
रहवासियों की मांग- प्रशासन दे वैकल्पिक व्यवस्था
कार्रवाई की तारीख नजदीक आते ही ऐशबाग क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों की चिंताएँ बढ़ गई हैं। जिनके पास वैध दस्तावेज नहीं हैं या जो विवादित स्थिति में हैं, वे लगातार प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं कि बुलडोजर चलाने से पहले सरकार या हाउसिंग बोर्ड उनके रहने के लिए कोई उचित वैकल्पिक व्यवस्था करे। प्रशासन के सख्त रुख और 14 नवंबर से शुरू होने जा रही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर पूरे इलाके में तनाव और अनिश्चितता का माहौल बना हुआ है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

