शब्बीर अहमद, भोपाल। देश की शान और शौर्य का प्रतीक आर्मी डे परेड इस बार मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से दुनिया भर को देश की सैन्य ताकत का अहसास कराएगी। आगामी 15 जनवरी को भोपाल के ऐतिहासिक लाल परेड ग्राउंड में आर्मी डे का मुख्य राष्ट्रीय आयोजन होने जा रहा है, जिसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं।
बड़े तालाब के ऊपर होगा एयर शो
इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में सेना के पराक्रम की अद्भुत झलक देखने को मिलेगी। लाल परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य परेड को लगभग 45 हजार दर्शक लाइव देख सकेंगे। इसके साथ ही कार्यक्रम के दौरान भोपाल के प्रसिद्ध बड़े तालाब के ऊपर रोमांचक एयर शो का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भारतीय सेना के विमान अपनी कलाबाजी दिखाएंगे। वहीं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के तहत टीटी नगर स्टेडियम में ‘शौर्य संस्कृति’ के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जो देश की संस्कृति और सैन्य परंपरा का अनूठा संगम होंगे।
1 दिसंबर से शुरू होगी रिहर्सल और ट्रैफिक व्यवस्था
कार्यक्रम के भव्य स्वरूप को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्य आयोजन से पहले 1 दिसंबर से रिहर्सल का दौर शुरू हो जाएगा। रिहर्सल और मुख्य कार्यक्रम के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए प्रशासन द्वारा विशेष वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाएगी ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

