संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से साइबर ठगी का एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जहां खुद पैसों का हिसाब-किताब रखने वाले एक बैंक कर्मचारी को शातिर ठगों ने अपने जाल में फंसा लिया। क्रिप्टों करेंसी में निवेश पर 30 फीसदी मोटा मुनाफा कमाने के लालच में आकर बैंककर्मी ने अपने जीवन की जमापूंजी के 27 लाख 55 हजार रुपए गंवा दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस अब बैंक खातों और मोबाइल डिटेल्स के आधार पर जांच में जुट गई है।
ये भी पढ़ें: EXCLUSIVE: MP में ‘हैवी रेन’ के अलर्ट के बीच मौत का लाइव वीडियो! यात्रियों से भरी बस को उफनती नदी में उतारा, देखें VIDEO
फर्जी ऐप पर ‘डिजिटल’ मुनाफा दिखाकर फंसाया
जानकारी के मुताबिक पीड़ित पुनीत तिवारी भोपाल में एक बैंक में कार्यरत हैं। गत 25 मई के बाद से शातिर साइबर ठगों ने उनसे लगातार संपर्क साध रखा था। ठगों ने उन्हें क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर बड़ा रिटर्न पाने का झांसा दिया। भरोसा जीतने के लिए ठगों ने पुनीत से एक खास मोबाइल ऐप डाउनलोड करवाया और उसमें कुछ राशि निवेश करवाई। शुरुआत में ठगों ने ऐप पर लगातार फर्जी मुनाफा दिखाया, जिससे पुनीत का भरोसा मजबूत हो गया।
झांसे में आकर 9 अलग-अलग खातों में भेज दिए साढ़े 27 लाख
ऐप पर दिख रहे तगड़े मुनाफे से प्रभावित होकर पुनीत तिवारी ने बड़ी रकम निवेश करने का मन बना लिया। उन्होंने ठगों के बताए अनुसार अलग-अलग 9 बैंक खातों में कुल 27 लाख 55 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि जिन खातों में यह रकम भेजी गई है, उनमें से 5 खाते मुंबई के, 1 खाता पुणे का और 3 खाते अन्य राज्यों के हैं। जब पुनीत ने अपनी रकम वापस निकालनी चाही, तो ठगों ने संपर्क तोड़ लिया और ऐप पर दिख रहा मुनाफा भी गायब हो गया।
ये भी पढ़ें: जेल भेजे गए 3 संदिग्ध आतंकी; पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर रच रहे थे ‘टारगेट किलिंग’ की साजिश
जहांगीराबाद थाने में केस ट्रांसफर, तफ्तीश में जुटी पुलिस
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित बैंककर्मी पुनीत तिवारी ने तुरंत ‘ई-जीरो एफआईआर’ दर्ज कराई। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद अब इस मामले की डायरी और शिकायत को भोपाल के जहांगीराबाद थाने में ट्रांसफर कर दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जहांगीराबाद पुलिस और साइबर सेल की टीम उन 9 संदिग्ध बैंक खातों की डिटेल और ठगों के मोबाइल नंबरों को खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

