शब्बीर अहमद, भोपाल। दीपावली के पावन पर्व पर सुरक्षा के मद्देनजर मध्य प्रदेश के जेल मुख्यालय ने प्रदेशभर की सभी जेलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। त्योहारी सीजन के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के लिए कड़े निर्देश दिए गए हैं। जेल मुख्यालय के आदेश के बाद सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां आगामी आदेश तक निरस्त कर दी गई हैं।
ये भी पढ़ें: कांग्रेस नेता के भाई की दबंगई: सामुदायिक भवन का निर्माण रुकवाने बंदूक लेकर पहुंचे, महिला सरपंच ने लगाए अभद्रता और धमकी के आरोप
रातभर होगी निगरानी, वरिष्ठ अधिकारी रहेंगे मौजूद
जारी निर्देशों के मुताबिक, त्योहारों के दौरान रात के समय कम से कम एक वरिष्ठ अधिकारी का जेल परिसर में मौजूद रहना अनिवार्य किया गया है, जो पूरी सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से निगरानी करेगा। इसके अलावा, जेल अधीक्षक और उप अधीक्षक भी समय-समय पर औचक निरीक्षण करेंगे ताकि जेल के भीतर किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जा सके।
क्यों बरती जाती है हर साल दीपावली पर विशेष सतर्कता?
गौरतलब है कि 31 अक्टूबर 2016 को दीपावली की ही रात भोपाल सेंट्रल जेल से प्रतिबंधित संगठन सिमी के 8 आतंकी जेल की दीवार फांदकर फरार हो गए थे। फरार होने से पहले इन आतंकियों ने एक प्रधान आरक्षक की हत्या कर दी थी। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के चलते उसी दिन सुबह भोपाल के बाहरी इलाके में हुई एक मुठभेड़ में पुलिस ने सभी 8 आतंकियों को मार गिराया था। इसी घटना के बाद से हर साल दीपावली के मौके पर प्रदेश की जेलों में विशेष सतर्कता और अतिरिक्त सुरक्षा बरती जाती है। वर्तमान में भी भोपाल सेंट्रल जेल के उच्च सुरक्षा वाले ‘अंडा सेल’ में सिमी से जुड़े 32 खतरनाक कैदी बंद हैं, जिन्हें लेकर सुरक्षा एजेंसियों की धड़कनें तेज रहती हैं।
ये भी पढ़ें: ‘कलेक्टर, कमिश्नर से लेकर ऊपर तक जाता है भ्रष्टाचार का पैसा’… डिप्टी रेंजर का VIDEO वायरल, वन विभाग में मचा हड़कंप
जेल महानिदेशक वरुण कपूर के कड़े निर्देश
जेल महानिदेशक वरुण कपूर ने धनतेरस, दीपावली और भाई दूज के त्योहारों को देखते हुए एक दिन पहले से ही जेलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि त्योहार समाप्त होने के बाद भी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढील नहीं दी जानी चाहिए और आगे भी इसी तरह सतर्कता बनाए रखी जाए।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

