सुनील उपाध्याय, छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिले के लवकुशनगर और राजनगर वन परिक्षेत्र से जुड़े भ्रष्टाचार के एक कथित मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में वन विभाग में पदस्थ बीट गार्ड एवं डिप्टी रेंजर भास्कर खरे विभागीय अधिकारियों से लेकर कलेक्टर, कमिश्नर और मुख्यमंत्री तक भ्रष्टाचार व रिश्वत की रकम पहुंचने की बात कहते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने कथित तौर पर पूरे सिस्टम के संगठित तरीके से संचालित होने का दावा किया है।

ये भी पढ़ें: 400 बेड का जिला अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर भगवान भरोसे; फायर सेफ्टी नदारद, 60 लाख के टेंडर के बाद भी काम अधूरा

सागौन की कटाई, अवैध उत्खनन और जमीनों पर कब्जे का जिक्र

वायरल वीडियो में डिप्टी रेंजर भास्कर खरे वन क्षेत्र के भीतर सागौन सहित बेशकीमती लकड़ियों की अवैध कटाई, रेत और मुरम का अवैध उत्खनन व बिक्री, तथा वन विभाग की जमीनों पर अवैध कब्जा कर खेती कराने जैसे गंभीर मामलों का खुलकर जिक्र करते नजर आ रहे हैं। उनका दावा है कि यह अवैध कारोबार कोई नया नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षों से लगातार चल रहा है, जिसमें नीचे से लेकर ऊपर तक के तमाम लोगों का एक मजबूत ‘सिस्टम’ बना हुआ है।

इस कथित खुलासे के बाद से प्रशासनिक गलियारों और वन विभाग में हड़कंप मच गया है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि क्या वन विभाग के जिम्मेदार उच्च अधिकारी इस व्यापक भ्रष्टाचार से पूरी तरह अनजान थे, या फिर शिकायतों के बावजूद वर्षों से चल रहे इस खेल पर जानबूझकर आंखें मूंदी गईं? हालांकि, इस वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है।

ये भी पढ़ें: देवास शराब कांड: कांग्रेस ने ‘राहुल जायसवाल’ को किया निष्कासित, TI को ट्रक से कुचलने के मामले में थी संलिप्तता

डीएफओ बोले- जांच के बाद की जाएगी कड़ी कार्रवाई

मामला तूल पकड़ने के बाद वन विभाग हरकत में आया है। डीएफओ ऋषि ने इस पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए कहा है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है। हालांकि, यह वीडियो 7 से 8 महीने पुराना बताया जा रहा है, लेकिन जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद जो भी तथ्य सही पाए जाएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m