भोपाल। प्रदेश की युवा शक्ति की प्रतिभा, आकांक्षाओं और नवाचार को नई संभावनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से उच्च शिक्षा विभाग के तत्वावधान में ‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव–2026’ का भव्य आयोजन 6 अक्टूबर को भोपाल के ऐतिहासिक लाल परेड मैदान में किया जाएगा। इस वृहद कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेशभर से जुट रहे 20 हजार से अधिक युवाओं से सीधा संवाद करेंगे।

उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार ने लाल परेड मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल, प्रदर्शनी स्टॉल्स सहित आयोजन से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने तैयारियों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय-सीमा में पूर्ण करने तथा युवाओं की सुविधा और सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए। इस दौरान अपर मुख्य सचिव उच्च शिक्षा अनुपम राजन एवं उच्च शिक्षा आयुक्त प्रबल सिपाहा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

रोजगार, कौशल विकास और उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष फोकस

इस कॉन्क्लेव में मुख्य रूप से रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार, उद्यमिता, अनुसंधान और उभरती प्रौद्योगिकियों पर विशेष जोर रहेगा। इसमें देश-प्रदेश के नामचीन विशेषज्ञों, शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगों और स्टार्टअप्स की सक्रिय सहभागिता रहेगी, जिससे युवाओं को शिक्षा तथा रोजगार की बदलती आवश्यकताओं और उपलब्ध अवसरों की सटीक जानकारी मिल सकेगी।

17 प्रमुख विभागों और संस्थाओं का दिखेगा साझा मंच

आयोजन में राज्य शासन के 17 शासकीय विभागों एवं विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता रहेगी। उच्च शिक्षा, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME), तकनीकी शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, श्रम, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, परिवहन, आयुष तथा पुलिस एवं साइबर सुरक्षा सहित विभिन्न विभाग अपनी-अपनी फ्लैगशिप योजनाओं और गतिविधियों से युवाओं को रूबरू कराएंगे। इसके अतिरिक्त मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर और सेडमैप (CEDMAP) द्वारा स्वरोजगार, उद्यमिता, कौशल विकास और नवाचार से जुड़ी प्रेरक गतिविधियां प्रदर्शित की जाएंगी।

80 से अधिक प्रदर्शनी कक्षों में दिखेगी असीम संभावनाओं की तस्वीर

कॉन्क्लेव परिसर में शासन के विभागों, संस्थाओं, विश्वविद्यालयों और नवोदित उद्यमों के 80 से अधिक भव्य एग्जीबिशन स्टॉल्स लगाए जाएंगे। इनमें रोजगार, प्रशिक्षण, करियर, उद्यमिता, अनुसंधान, आधुनिक प्रौद्योगिकी और शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित गतिविधियां प्रदर्शित होंगी। विश्वविद्यालयों द्वारा आधुनिक शिक्षा, नवाचार, शोध, टेक्नोलॉजी, करियर मार्गदर्शन और ड्रोन टेक्नोलॉजी सहित भविष्य की आवश्यकताओं से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

विचार से नवाचार और नवाचार से उद्यमिता तक का सफर

मध्यप्रदेश स्टार्टअप सेंटर के माध्यम से कई स्टार्टअप्स अपने अनूठे उत्पादों और नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। युवा इन नवाचारों के जरिए अपने मौलिक विचारों को उत्पाद एवं व्यावसायिक उद्यम में बदलने की व्यावहारिक प्रक्रिया को समझ सकेंगे। इससे उन्हें स्वयं का बिजनेस शुरू करने और नए विचारों पर काम करने की प्रेरणा मिलेगी।

AI, रोबोटिक्स और EV जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों पर रहेगा जोर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, ड्रोन टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर टेक्नोलॉजी, नवीकरणीय ऊर्जा और इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) जैसी उभरती प्रौद्योगिकियां इस कॉन्क्लेव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होंगी। युवाओं को इन अत्याधुनिक क्षेत्रों में शिक्षा, प्रशिक्षण, अनुसंधान और रोजगार के अवसरों से अवगत कराया जाएगा।

करियर मार्गदर्शन से लेकर साइबर सुरक्षा तक की मिलेगी जानकारी

कार्यक्रम में करियर मार्गदर्शन, कौशल विकास, मानसिक स्वास्थ्य, सामान्य स्वास्थ्य, आयुष, उद्योग एवं रोजगार, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और साइबर सुरक्षा जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा परामर्श दिया जाएगा। पुलिस विभाग के माध्यम से महिला सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, यातायात जागरूकता, कम्युनिटी पुलिसिंग, जन-सुरक्षा एवं युवा संवाद से जुड़ी जन-जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

जुबिन नौटियाल की सुरमयी प्रस्तुतियां होंगी मुख्य आकर्षण

युवा शक्ति के इस महाकुंभ में संवाद और मार्गदर्शन के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी मुख्य आकर्षण का केंद्र होंगी। सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल और मुंबई के मशहूर ‘कबीर कैफे’ बैंड की सुरमयी और ऊर्जावान प्रस्तुतियां कार्यक्रम में युवाओं के बीच जोश, उमंग और नए उत्साह का संचार करेंगी।

समर्थ युवा, सशक्त भारत का संकल्प

‘सीएम यूथ कॉन्क्लेव–2026’ मध्य प्रदेश के युवाओं को संवाद, मार्गदर्शन और अवसरों से जोड़ने की एक दूरगामी पहल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ 20 हजार युवाओं का सीधा संवाद और 80 से अधिक प्रदर्शनी स्टॉल्स पर प्रदर्शित गतिविधियां उन्हें बदलते समय की मांग, नए कौशल और करियर के नए आयामों से परिचित कराएंगी। युवा शक्ति की प्रतिभा, विचार और ऊर्जा को सही दिशा देकर ‘विकसित मध्यप्रदेश’ के निर्माण को गति देना ही इस भव्य आयोजन का मूल उद्देश्य है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m