शब्बीर अहमद, भोपाल। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी भोपाल में कांग्रेस ने मंगलवार को जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी दफ्तर से इलेक्शन कमीशन का घेराव करने निकले कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के पैदल मार्च के दौरान व्यापमं चौराहे पर जमकर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला।

ये भी पढ़ें: उज्जैन की शाही मस्जिद पर सियासत: त्योहार कमेटी मुस्लिम विधायकों के बयान से नाराज, पत्थरबाजी मामले में 10 गिरफ्तार, बीजेपी ने कही ये बात

हाथों में हथकड़ी पहन पहुंचे जीतू पटवारी और उमंग सिंघार

प्रदर्शन के दौरान सबसे ज्यादा ध्यान पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के अनोखे विरोध प्रदर्शन ने खींचा। दोनों शीर्ष नेता अपने हाथों में प्रतीकात्मक हथकड़ी पहनकर पैदल मार्च में शामिल हुए। उनके साथ प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे समेत प्रदेश भर से आए कांग्रेस के विधायक और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता शामिल रहे।

व्यापम चौराहे पर बैरिकेडिंग, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

कांग्रेस दफ्तर से शुरू हुआ यह पैदल मार्च जैसे ही व्यापमं चौराहे के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद पुलिस बल ने भारी बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को रोक लिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई। विरोध जताते हुए उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे और विधायक महेश परमार पुलिस के लगाए बैरिकेड्स पर ही चढ़ गए और केंद्र सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

ये भी पढ़ें: हाईकोर्ट में उज्जैन की शाही मस्जिद की सुनवाई पूरी, क्या तय हुई तीन फीट की सीमा, जानिए अंदर की पूरी कहानी

मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे पर अड़े नेता, प्रदर्शन के बाद लौटे वापस

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग निष्पक्ष भूमिका निभाने में नाकाम साबित हो रहा है और संवैधानिक मर्यादाओं का हनन हो रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तुरंत इस्तीफे की मांग की। काफी देर तक चले हंगामे और नारेबाजी के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन समाप्त किया और वापस लौट गए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m