शब्बीर अहमद,भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस आगामी राजनीतिक रणनीतियों को धार देने के लिए पूरी तरह सक्रिय नजर आ रही है। इसी कड़ी में आगामी 2 नवंबर को देश की राजधानी दिल्ली में मध्य प्रदेश कांग्रेस की एक बड़ी और अहम बैठक बुलाई गई है। यह बैठक पूरी तरह से आदिवासी समाज के मुद्दों, उनके हक-अधिकारों और संवैधानिक विषयों पर केंद्रित होगी।

इंदिरा भवन में दोपहर 2 बजे होगी बैठक

जानकारी के अनुसार, यह उच्चस्तरीय बैठक 2 नवंबर को दोपहर ठीक 2 बजे दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित की जाएगी। इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ-साथ मध्य प्रदेश के कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। बैठक में मुख्य रूप से आदिवासी युवाओं को राजनीति और संगठन में आगे बढ़ाने के लिए एक ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।

कौन-कौन रहेगा मौजूद?

इस महत्वपूर्ण बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इनके अलावा पार्टी की आदिवासी लीडरशिप और मध्य प्रदेश कांग्रेस द्वारा आदिवासी मामलों को लेकर विशेष तौर पर बनाई गई कमेटी के सभी सदस्य भी इस मंथन में शामिल होंगे। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य में आदिवासी समाज से जुड़े मुद्दों को आक्रामक तरीके से उठाना और संगठन स्तर पर उनकी भागीदारी को और अधिक मजबूत करना है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m