शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल के नेहरू नगर इलाके से एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ महिला प्रधान आरक्षक के पति ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक युवक अपनी पत्नी (महिला प्रधान आरक्षक) के साथ नेहरू नगर पुलिस लाइन में रहता था। बुधवार को नेहरू नगर पुलिस ग्राउंड में एक पेड़ से युवक का शव लटका हुआ मिला। स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों की नजर जब शव पर पड़ी, तो तुरंत कमला नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।

शराब के नशे में मारपीट की बात आई सामने 

पुलिस के शुरुआती बयानों के अनुसार, मृतक अक्सर शराब के नशे में रहता था और अपनी महिला पुलिसकर्मी पत्नी के साथ मारपीट करता था। हालांकि, उसने यह आत्मघाती कदम किस वजह से उठाया, इसका सटीक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

जांच में जुटी पुलिस 

सूचना मिलते ही कमला नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m