शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पूर्व IAS राकेश अग्रवाल की सनसनीखेज हत्या के मामले में भोपाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी वरुण बाल्मीकि पर 50 हजार रुपये का नकद इनाम घोषित किया है। आरोपी की उम्र 27 वर्ष है और वह पंजाब के पटियाला जिले की तहसील नाभा स्थित आशा कॉलोनी का निवासी है। पुलिस ने आरोपी की फोटो जारी करने के साथ ही उसके शरीर पर बने विशेष टैटू के बारे में भी विवरण साझा किया है, ताकि उसकी पहचान की जा सके।
पहचान रहेगी गोपनीय, क्राइम ब्रांच या रातीबड़ थाने में दें सूचना
भोपाल पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि आरोपी के संबंध में कोई भी सुराग या जानकारी मिलने पर तुरंत क्राइम ब्रांच भोपाल या रातीबड़ थाना पुलिस से संपर्क करें। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि सही जानकारी देने वाले व्यक्ति को 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा और उसकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

