शब्बीर अहमद, भोपाल । मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के हबीबगंज थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक और उसकी नाबालिग प्रेमिका ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और पड़ोसियों की भारी भीड़ जमा हो गई।
युवक के कमरे में लटके मिले दोनों के शव
जानकारी के अनुसार, घटना हबीबगंज थाना इलाके की है, जहाँ युवक के किराए के कमरे में दोनों के शव फंदे पर लटके हुए पाए गए। काफी देर तक कमरे में कोई हलचल न होने पर जब आसपास के लोगों ने देखा, तो मामले का खुलासा हुआ। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
नेपाल का निवासी था युवक, बैतूल की थी नाबालिग
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मृतकों की शिनाख्त हो गई है। मृतक युवक मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और भोपाल में रहकर काम करता था, जबकि मृतका नाबालिग लड़की प्रदेश के बैतूल जिले की रहने वाली बताई जा रही है। दोनों के बीच काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही हबीबगंज पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद होगी। परिजनों को सूचना दे दी गई है और पुलिस प्रेम प्रसंग के साथ-साथ अन्य सभी संभावित पहलुओं से मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

