शिखिल ब्यौहार, भोपाल। बागेश्वर धाम और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से जुड़े विवादों के बीच खुलकर मोर्चा खोलने वाली साध्वी हर्षा रिछारिया ने एक नया वीडियो जारी कर सनसनीखेज दावे किए हैं। हर्षा का आरोप है कि बागेश्वर धाम के खिलाफ बोलने के बाद से ही उन्हें सोशल मीडिया और विभिन्न माध्यमों से लगातार धमकियां, गंदे कमेंट्स और भद्दी गालियां दी जा रही हैं।

‘अगर मुझे कुछ हुआ तो वही जिम्मेदार होंगे जिनके भक्त कमेंट कर रहे’ 

जारी किए गए अपने वीडियो में हर्षा रिछारिया ने खुलकर अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है, उससे साफ है कि अगर उनके साथ कोई भी अप्रिय घटना या हादसा होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी उन्हीं लोगों की होगी जिनके भक्त और समर्थक उन्हें सोशल मीडिया पर गालियां व धमकियां दे रहे हैं।

धमकियों से डरने वाली नहीं 

हर्षा ने वीडियो के जरिए अपने विरोधियों को दो टूक जवाब देते हुए कहा कि वे इस तरह की धमकियों या ट्रोलिंग से डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे अपनी बात पूरी मजबूती और निडरता के साथ आगे भी रखती रहेंगी और किसी के दबाव में आकर पीछे नहीं हटेंगी।

धीरेन्द्र शास्त्री के बयान पर उठाया था सवाल 

दरअसल, हर्षा गिरि ने धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर वीडियो बनाया था, जिसमें महिलाओं और बेटियों से अपनी जिम्मेदारी पर आश्रम आने की बात कही गई थी। हर्षा के मुताबिक, धीरेंद्र शास्त्री ने अपने ही सेवादारों को लेकर भी शंका जताई थी। महिलाओं की सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने से इनकार किया था।

हर्षा ने सवाल उठाया था कि जब आश्रम के मठाधीश को अपने ही सेवादारों पर भरोसा नहीं है तो कोई दूसरा व्यक्ति आश्रम और वहां के सेवादारों पर कैसे भरोसा करे। उन्होंने यह सवाल भी उठाया था कि परिवार और बच्चों को आश्रम भेजने पर उनकी सुरक्षा की गारंटी कौन लेगा। हर्षा ने लोगों को सलाह दी थी कि आश्रम में ज्यादा समय न रुकें और दर्शन करने के बाद अपने घर लौट जाएं। नए वीडियो में उन्होंने कहा कि वह अपनी इस बात पर आज भी कायम हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m