संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक प्रतिष्ठित व्यवसायी को हनीट्रैप और ब्लैकमेलिंग का शिकार बनाकर पहले 40 लाख रुपये ऐंठे गए और फिर डेढ़ करोड़ रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही है। पीड़ित व्यवसायी की शिकायत पर बागसेवनिया थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक महिला, उसके पति और पिता समेत तीन लोगों के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपियों पर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर जबरन वसूली करने का गंभीर आरोप है।

ये भी पढ़ें: 7 लाख के बिल को बनाया 40 लाख! EOW के शिकंजे में PWD के अधिकारी-ठेकेदार, 4 पर FIR

दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देकर शुरू हुआ ब्लैकमेलिंग का खेल

पीड़ित व्यवसायी ने पुलिस को दी गई अपनी शिकायत में बताया कि इस पूरे घटनाक्रम की शुरुआत दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के साथ हुई थी। आरोपियों की धमकियों के दबाव में आकर उन्होंने शुरुआत में महिला को 5 लाख रुपये और फिर 10 लाख रुपये नकद सौंपे। इस लेन-देन को लेकर दोनों पक्षों के बीच एक लिखित अनुबंध भी तैयार हुआ था, जिसके मूल अनुबंध पत्रों पर महिला, उसके पति और अन्य गवाहों के हस्ताक्षर मौजूद हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि इस दस्तावेज में महिला के पिता रामकृष्ण देवड़ा को भी एक गवाह के तौर पर शामिल किया गया था।

नकद रकम मिलने के बाद भी जब आरोपियों का मन नहीं भरा, तो महिला ने एमपी नगर पुलिस स्टेशन में व्यवसायी के खिलाफ दुष्कर्म की झूठी शिकायत दर्ज करवा दी। इसके बाद एक मध्यस्थ के माध्यम से शिकायत वापस लेने के एवज में 40 लाख रुपये की बड़ी मांग रखी गई। अंततः 25 लाख रुपये में स्टाम्प पेपर पर लिखित समझौता हुआ। अपनी सामाजिक प्रतिष्ठा, परिवार की गरिमा और वर्षों के सम्मान को बचाने के लिए मजबूर होकर व्यवसायी ने 10 लाख और 15 लाख रुपये के दो चेक महिला को दे दिए, जिसके बाद महिला ने थाने से अपनी शिकायत वापस ले ली।

ये भी पढ़ें: विदिशा में छेड़खानी से तंग आकर युवती ने दी जान: फांसी लगाकर की आत्महत्या, जेल से छूटने के बाद आरोपी फिर कर रहा था परेशान 

डेढ़ करोड़ की मांग न मानने पर फंसाने की धमकी

लाखों रुपये का भारी-भरकम भुगतान करने के बाद भी आरोपियों की पैसों की लालसा समाप्त नहीं हुई। कुछ समय बीतने के बाद महिला के पति और पिता ने व्यवसायी को फोन करके सीधे डेढ़ करोड़ रुपये की नई और भारी मांग रख दी। जब पीड़ित ने इतनी बड़ी रकम देने से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उन्हें दोबारा दुष्कर्म और SC/ST कानून के तहत झूठे मामलों में फंसाने के साथ-साथ जान से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दीं। पीड़ित व्यवसायी ने आरोपियों की इन हरकतों से जुड़े सभी पुख्ता साक्ष्य, जिनमें कॉल रिकॉर्डिंग और व्हाट्सएप चैट शामिल हैं, पुलिस को सौंप दिए हैं। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m