शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश के भोपाल से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आ रही है। शहर के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में पति-पत्नी ने एक साथ फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। एक साथ दो जिंदगियां खत्म होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

दरवाजा खुला मिलने पर हुआ खुलासा

मिली जानकारी के अनुसार, मृत पति-पत्नी दोनों मजदूरी का काम करते थे और उनके दो बच्चे भी हैं। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसी ने उनके घर का गेट खुला देखा। अंदर जाकर देखने पर दोनों के शव पंखे से फंदे पर लटके हुए मिले। नजारा देख पड़ोसी के होश उड़ गए और उसने तुरंत इसकी सूचना आसपास के लोगों और पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही ईंटखेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

चार दिन पहले पड़ोसी से हुआ था विवाद

शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक दंपती का चार दिन पहले ही किसी पड़ोसी से विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत पुलिस में भी दर्ज कराई गई थी। हालांकि, पति-पत्नी ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया और इसके पीछे की असल वजह क्या है, इसका अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस सुसाइड के एंगल के साथ-साथ पुराने विवाद और अन्य तमाम पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m