शिखिल ब्यौहार, भोपाल। मध्य प्रदेश के किसानों के लिए आज एक बेहद महत्वपूर्ण दिन है। समर्थन मूल्य (MSP) पर अपनी फसल (धान, ज्वार और बाजरा) बेचने के लिए पंजीयन कराने की अंतिम तिथि आज है। ऐसे में जिन अन्नदाताओं ने अभी तक अपना रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, वे आज रात तक प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

अब तक 6.80 लाख किसानों ने कराया पंजीयन 

खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस सीजन में समर्थन मूल्य पर फसल बेचने के लिए अब तक प्रदेशभर में कुल 6.80 लाख किसानों ने अपना पंजीयन करवा लिया है। इसमें से 6.77 लाख धान उत्पादक किसान हैं, जबकि 13 हजार किसान मोटा अनाज (ज्वार-बाजरा) के पंजीयन में शामिल हैं।

फर्जीवाड़े और बिचौलियों पर रोक के लिए नया नियम 

इस बार शासन स्तर पर व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने और वास्तविक किसानों को सीधा लाभ देने के लिए सख्त और नए नियम लागू किए गए हैं। पंजीयन प्रक्रिया में पहली बार एग्रीस्टेक आईडी (AgriStack ID) को अनिवार्य किया गया है। इस डिजिटल आईडी के जरिए किसानों की जमीन के रकबे का सटीक और ऑटोमैटिक वेरिफिकेशन हो रहा है, जिससे फर्जी रकबा जोड़कर अवैध लाभ कमाने वाले बिचौलियों और सटोरियों पर पूरी तरह रोक लग रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m