भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज राजनीतिक और प्रशासनिक हलचल तेज रहने वाली है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह आज एक दिवसीय दौरे पर भोपाल पहुंच रहे हैं, जहां वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ विभिन्न कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे और प्रदेशवासियों को कई बड़ी सौगातें देंगे। इसके साथ ही प्रदेश में चीतों के नए आशियाने से लेकर शिक्षकों के आंदोलन तक कई बड़ी खबरें सुर्खियों में हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम मोहन के आज के व्यस्त कार्यक्रम

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सुबह 11 बजे होटल ताज से बाय रोड भेल दशहरा मैदान पहुंचेंगे। सुबह 11:30 बजे दोनों नेता नए आपराधिक कानूनों पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे और दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में शामिल होंगे। इसके बाद गृहमंत्री दोपहर 1:45 बजे गृह मंत्रालय के विभिन्न कार्यों की समीक्षा बैठक लेंगे और दोपहर 3:45 बजे नारकोटिक्स पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। शाम 5 बजे भौंरी स्थित IISER कैंपस में ‘अत्री परिसर’ का शिलान्यास करने के साथ स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा।

देश में पहली बार आंतरिक सुरक्षा पर भोपाल में होगी 2 घंटे की महाबैठक

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज भोपाल में आंतरिक सुरक्षा को लेकर एक ऐतिहासिक और बड़ी बैठक लेने जा रहे हैं। 2 घंटे तक चलने वाली इस उच्च स्तरीय बैठक में गृह सचिव, IB और NCRB चीफ विशेष रूप से शामिल होंगे। देश में पहली बार आंतरिक सुरक्षा पर इस तरह की विशेष बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन, आतंकवाद, माओवादी हिंसा पर गहन चर्चा होगी। इसके साथ ही केंद्र-राज्य समन्वय के तहत साइबर अपराधों पर नकेल कसने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाएगी।

चीतों का तीसरा घर तैयार, 7 अक्टूबर को नौरादेही में छोड़े जाएंगे 2 चीते

मध्य प्रदेश में कूनो और गांधी सागर के बाद अब चीतों का तीसरा आशियाना नौरादेही में बनकर तैयार हो चुका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पीएम और सीएम कार्यकाल के 25 साल पूरे होने के अवसर पर 7 अक्टूबर को वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व (नौरादेही) में दो चीते छोड़े जाएंगे। चीता स्टीयरिंग कमेटी ने यहां कुल चार चीतों को बसाने की मंजूरी दी है, जिसकी शुरुआत कूनो नेशनल पार्क से लाए जा रहे नर चीते ‘थोलो’ और मादा चीते ‘CCB-3’ से होगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं इन चीतों को बाड़े में रिलीज करेंगे।

TET के विरोध में शिक्षकों का आंदोलन जारी

राजधानी भोपाल के नीलम पार्क में अध्यापकों और शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना 7वें दिन भी लगातार जारी है। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के बैनर तले अलग-अलग संभागों के शिक्षक चरणबद्ध तरीके से इस प्रदर्शन में हिस्सा ले रहे हैं। अब तक जबलपुर, ग्वालियर-चंबल, रीवा-शहडोल और उज्जैन संभाग के शिक्षक धरने में शामिल हो चुके हैं। शिक्षकों की तीन प्रमुख मांगे हैं- लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त किया जाए, प्रथम नियुक्ति की तारीख से सेवा गणना कर वरिष्ठता दी जाए और विभागीय जिम्मेदारियों को देखते हुए ई-अटेंडेंस व्यवस्था को स्वैच्छिक किया जाए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m