शिखिल ब्यौहार, भोपाल। बंगाल की खाड़ी से उठे गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर अब मध्य प्रदेश के मौसम पर भी साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग (IMD) भोपाल ने राज्य के 31 जिलों में अलर्ट जारी किया है, जहां आगामी कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला रहेगा और कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।

इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, चक्रवात के प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के पूर्वी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। खासतौर पर सीधी, सिंगरौली, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला और बालाघाट जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

राजधानी भोपाल समेत प्रमुख शहरों में असर

चक्रवात के असर से राजधानी भोपाल, जबलपुर और रीवा संभाग के जिलों में भी बादलों की आवाजाही के साथ हल्की बूंदाबांदी दर्ज की जा रही है। IMD ने अगले 4 दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश का दौर बने रहने की संभावना जताई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m