शिखिल ब्यौहार, भोपाल। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर अब मध्य प्रदेश के मौसम पर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। इस वेदर सिस्टम के चलते प्रदेश के 31 जिलों में बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी भोपाल में आज अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जबकि रात का पारा गिरकर 21 डिग्री तक दर्ज किया गया है।

पूर्वी एमपी में सबसे ज्यादा असर 

चक्रवात का सबसे ज्यादा प्रभाव मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, शहडोल, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जहां कुछ स्थानों पर साढ़े चार इंच तक पानी गिर सकता है। इसके अलावा जबलपुर, कटनी, पन्ना, छतरपुर, दमोह, नरसिंहपुर, सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों में भी भारी बारिश की पूरी संभावना जताई गई है।

भोपाल और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के आसार

राजधानी भोपाल के साथ-साथ नर्मदापुरम, विदिशा, रायसेन और सीहोर जिलों में बादलों की आवाजाही के बीच गरज-चमक के साथ हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात ‘अर्नब’ का यह असर आगामी 30 और 31 अक्टूबर तक लगातार बना रहेगा, जिससे प्रदेश में ठंड का अहसास और अधिक बढ़ जाएगा। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m