शब्बीर अहमद, भोपाल। म्यांमार और बांग्लादेश से युवतियों को अवैध रूप से भारत लाकर शादी कराने और घुसपैठ कराने वाले एक बहुत बड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मध्य प्रदेश पुलिस ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानि NIA को पत्र लिखा है, जिसके बाद अब देश की बड़ी केंद्रीय जांच एजेंसियां भी इस केस की पड़ताल करेंगी। जांच में खुलासा हुआ है कि इस अवैध घुसपैठ और मानव तस्करी के गिरोह में भारत के 5 राज्यों के साथ-साथ बांग्लादेश और म्यांमार का नेटवर्क जुड़ा हुआ है।

ये भी पढ़ें: मां ने घोटा ममता का गला: प्रसूता वॉर्ड में 1 दिन की नवजात को गला दबाकर उतारा मौत के घाट, दोबारा बेटी होने से तनाव में थी

बांग्लादेश के कॉक्स बाजार से कश्मीर तक ‘डंकी रूट’

पुलिस जांच में आरोपियों के खतरनाक ‘डंकी रूट’ का खुलासा हुआ है। युवतियों को बांग्लादेश के कॉक्स बाजार रिफ्यूजी कैंप से इंडिया-बांग्लादेश बॉर्डर पार कराया जाता था। इसके बाद हावड़ा रेलवे स्टेशन से यूपी के अलीगढ़, फिर जम्मू और वहां से कश्मीर ले जाया जाता था। जम्मू-कश्मीर में स्थानीय युवकों से इन युवतियों की शादी कराई जाती थी। पुलिस को आशंका है कि शादी की आड़ में इन अवैध घुसपैठियों को भारतीय नागरिकता दिलवाने का बड़ा खेल चल रहा था।

ये भी पढ़ें: सिवनी में तेज रफ्तार यात्री बस बेकाबू होकर खेत में घुसी, 1 की मौत और 4 घायल; पुलिस जांच में जुटी

2 नाबालिग समेत 4 युवतियां बरामद, आरोपियों से पूछताछ जारी

मामले में पुलिस ने अब तक 4 युवतियों को बरामद किया है, जिनमें 2 नाबालिग शामिल हैं। गिरोह के दो मुख्य आरोपियों हसन और मोहिन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, रिफ्यूजी कैंप से लाई गई युवतियों से भाषा की समस्या के कारण ट्रांसलेटर की मदद से सवाल-जवाब किए जा रहे हैं। मानव तस्करी और देश की सुरक्षा से जुड़े इस संवेदनशील मामले की तह तक पहुंचने के लिए पुलिस और जांच एजेंसियां हर एंगल से पड़ताल कर रही हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m