संजय पाटीदार, भोपाल । मध्य प्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण का मामला एक बार फिर तूल पकड़ता जा रहा है। इस गरमागरम मुद्दे पर आगामी 16 अक्टूबर को भोपाल में एक बड़े आंदोलन का ऐलान किया गया है। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के नेता दामोदर यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा की है, जिसके तहत राजधानी में व्यापक स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

16 अक्टूबर को इन मंत्रियों के बंगलों पर होगा धरना 

आजाद समाज पार्टी के नेता दामोदर यादव ने बताया कि 16 अक्टूबर को आजाद समाज पार्टी, होल्ड अभ्यर्थी और प्रदेश के विभिन्न सामाजिक संगठन मिलकर हुंकार भरेंगे। इस दौरान मंत्री कृष्णा गौर और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बंगले पर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

सरकार के सुप्रीम कोर्ट जाने के कदम पर तीखा पलटवार करते हुए दामोदर यादव ने कहा कि “बिल्ली कभी चूहे की रखवाली नहीं करती, लेकिन OBC चूहा नहीं, बल्कि शेर है जो अपनी राह खुद बनाएगा।” उन्होंने दो टूक कहा कि प्रदेश की आधी आबादी वाला ओबीसी समाज अब अनाथ नहीं है और अपने हक के लिए सड़क से लेकर कोर्ट तक संघर्ष करेगा। आरक्षण कोई भीख नहीं बल्कि संवैधानिक अधिकार है, और अब समाज 27% नहीं बल्कि 50% आरक्षण की लड़ाई लड़ेगा।

 कांग्रेस का बयान  

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी सरकार ने ओबीसी वर्ग के साथ हमेशा धोखा किया है। उन्होंने दावा किया कि कमलनाथ सरकार ने इस मामले में ऐतिहासिक और ठोस निर्णय लिए थे, लेकिन अब विभिन्न संगठनों के जरिए ओबीसी वर्ग की पीड़ा और असंतोष खुलकर सामने आ रहा है।

बीजेपी का पलटवार  

वहीं, दूसरी ओर बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता सतेंद्र जैन ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि ओबीसी वर्ग के हक की लड़ाई न्यायालय से लेकर सरकार अपने अधिकारों के तहत पूरी मजबूती से लड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने न तो कभी मंडल कमीशन की रिपोर्ट मानी और न ही कालेलकर आयोग की सिफारिशों पर अमल किया। बीजेपी सरकार के कार्यकाल में ही पिछड़े वर्ग को उनके वास्तविक अधिकार मिल रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m