Twisha Sharma suicide case: भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रिटायर्ड जज की बहू ट्विशा शर्मा सुसाइड केस में एक के बाद एक नया मोड़ आ रहा है। इस बीच ट्विशा के माता पिता का दर्द फूट पड़ा। उन्होंने सिस्टम पर गंभीर सवाल उठाते हुए इंसाफ की मांग की है। ट्विशा की सास के आरोपों को खारिज करते हुए ड्रग लेने वाली बात को गलत बताया है। साथ ही आरोपी पक्ष पर मीडिया नैरेटिव बनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि “प्रभावशाली लोग जांच को प्रभावित कर सकते हैं।” वहीं मृतिका के परिजनों ने दोबारा पोस्टमार्टम और इस केस को दिल्ली ट्रांसफर करने की मांग की है।

ट्विशा शर्मा के पिता नवनीधि शर्मा ने भावुक अपील करते हुए इंसाफ की मांग की है। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि ‘मेरी सरकार से अपील है कि यहां हम एक बहुत बड़े सिस्टम के खिलाफ लड़ रहे है। 12 मई को हमारी बिटिया से बात हुई और उसके 15 मिनट बाद उसकी डेथ हो गई। लगातार फोन करने पर कॉल रिसीव नहीं किया गया। आधे घंटे बाद कॉल उठाया गया और बिटिया की सास गिरिबाला सिंह ने कहा कि SHE IS NO MORE, इसके बाद हम यहां पहुंचे, तीन से चार दिन तक संघर्ष करते रहे। हमाीर जीरो FIR तक नहीं ली जा रही थी। सिस्टम कह रहा था कि हम बैलेंस बनाकर चल रहे है।’

इंडिपेंडेंट जांच के केस ट्रांसफर करने की मांग

नवनीधि शर्मा ने कहा कि ‘हमे यह ज्ञात हुआ कि ये वर्तमान लोकायुक्त सत्येंद्र सिंह की फैमिली है और इसके रसूखदार लोग सिस्टम में बैठे हुए है। मेडिकल समेत कई जगहों पर बैठ हुए है। हमे जो मेडिकल रिपोर्ट दी गई, उसमें कई मिसमैच मिले। हमने दोबारा पोस्टमार्टम के लिए अप्लाई किया था, जिसे कमिश्नर के अप्रूव करने के बाद डिनाई कर दिया गया और कहा गया कि कोर्ट से परमिशन लेना पड़ेगा। इस बीच पूरी कोशिश की जा रही है कि उसकी बॉडी डिकम्पोज हो जाए। दोबारा पीएम के लिए रोड़ा अटका के रखा है। मुझे यहां न्याय की उम्मीद कम है। क्यों कि यहां सारा सिस्टम इनके साथ मिलकर काम कर रहा है। हमे दबाया जा रहा है। बिटिया की सास गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत दे दी गई, ये कैसा न्याय है। हम अपील करते है कि इंडिपेंडेंट जांच के लिए दिल्ली या किसी दूसरी जगह शिफ्ट की जाए।’

मां ने बताया जान को खतरा

वहीं ट्विशा की माता ने कहा कि ‘हमारी कोई भी सुनवाई नहीं हो रही है, हम दिल्ली जाना चाहते है, केस वहां ट्रांसफर किये जाए। पोस्टमार्टम दोबारा होनी चाहिए। हम इधर उधर भटक रहे है, कोई भी नहीं सुन रहा है। यहां हमारी जान को खतरा है।’ पिता नवनीधि ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और महिला आयोग से अपील करते हुए कहा कि ‘इस केस की सुनवाई की जाए। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया से विनम्र अपील है कि इस केस को अपनी निगरानी में ले। इंडिपेंडेंट जांच सेट करें। यहां जो SIT गठित की गई है, वो इन्हीं लोगों के नीचे है। मुझे न्याय की उम्मीद कम है। सभी मानुभावों से अपील है कि इस केस में हमारी मदद की जाए और हमे न्याय दिलाया जाए।’

न्यायपालिका और विधि अधिकारियों से न्याय की गुहार

ट्विशा के परिजनों ने कहा कि “बेटी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई। FIR में दहेज प्रताड़ना और क्रूरता के गंभीर आरोप, आरोपी पक्ष पर मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न के आरोप। AIIMS भोपाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई अहम खुलासे हुए। शरीर पर कई Ante-Mortem चोटों का दावा किया गया। फॉरेंसिक सैंपल और DNA सुरक्षित रखने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि “चुनींदा चैट्स के आधार पर जमानत मिली, क्या प्रभावशाली लोगों के लिए अलग कानून?”

ट्विशा की सास ने लगाए थे ये गंभीर आरोप

पूर्व जज गिरिबाला सिंह ने बताया था कि ‘बेटे ओर बहु ने एक दूसरे को पसंद किया था। ट्विशा शर्मा हमारे घर का हिस्सा थी। उसको साइक्लोनिकल दवा दी जा रही थी। ट्विशा ड्रग्स एडिक्ट थी। उसका मनोचिकित्सक डॉ सत्यकांत त्रिवेदी के पास इलाज चल रहा था। गिरिबाला सिंह ने कहा था कि हमारे पूर्वज फौज में भी रहे है। मैंने सीपीआर देकर बचाने की कोशिश की। ट्विशा प्रेग्नेंट थी लेकिन बच्चा नहीं चाहती थी।’

ये है पूरा मामला

गौरतलब है कि नोएडा की रहने वाली ट्विशा शर्मा की शादी पिछले साल 12 दिसंबर 2025 में पूर्व जज गिरिबाला सिंह के बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी। बीते 12 मई 2026 को उसकी ससुराल में शव मिला था। ससुराल पक्ष ने इसे सुसाइड बताया था। वहीं मृतिका के परिवार ने पुलिस को बताया था कि उसका पति उसे लगातार परेशान कर रहा था। ट्विशा का अब तक अंतिम संस्कार नहीं हुआ है। उसका शव भोपाल एम्स के मर्चुरी में रखा है।

सास को अग्रिम जमानत, पति की याचिका खारिज

इस मामले में पुलिस ने मृतिका के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू की थी। साथ ही मामले में SIT का गठन किया गया है। मृतिका की सास गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल चुकी हैं। वहीं आरोपी समर्थ की जमानत याचिका खारिज कर दी गई है। वहीं उस पर 10 हजार का इनाम घोषित किया गया है। पुलिस अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही है। फिलहाल इस पूरे केस की जांच पड़ताल की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m