भोपाल। राजधानी भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से DRI की टीम ने संदेह के आधार पर तीन नाइजीरियन महिलाओं को हिरासत में लिया है। जांच के दौरान महिलाओं के पास भारत में रहने से संबंधित वैध और पर्याप्त दस्तावेज नहीं मिले। डीआरआई की टीम ने तीनों महिलाओं को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भोपाल पुलिस के हवाले कर दिया है।
तलैया थाना भेजा गया
मिली जानकारी के अनुसार, DRI की टीम ने स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों और हुलिए के आधार पर तीनों विदेशी महिलाओं को पकड़ा था। प्राथमिक पूछताछ के बाद जब वे वैध पासपोर्ट या वीजा दस्तावेज पेश नहीं कर सकीं, तो उन्हें मिसरोद थाना पुलिस के हवाले किया गया। इसके बाद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तीनों को तलैया थाना स्थानांतरित कर दिया गया, जहां गहन पूछताछ के बाद उन्हें डिटेंशन सेंटर भेज दिया गया है।
3 दिन पुराना मामला, कई पहलुओं पर जांच जारी
यह पूरा मामला करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अब इस बात की पड़ताल में जुटी हैं कि तीनों महिलाएं भारत में कब और किस रास्ते से आईं। उनके भारत आने का मुख्य उद्देश्य क्या था और वे बिना वैध दस्तावेजों के भोपाल में क्या कर रही थीं। सुरक्षा के दृष्टिकोण से पुलिस हर संभावित पहलू और लोकल कनेक्शन की बारीकी से जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

