संजय पाटीदार, भोपाल। राजधानी के जेपी अस्पताल में मरीजों को बेहतर और आधुनिक इलाज देने के लिए तैयार की गई नई बहुमंजिला इमारत अब खुद ही बदहाली का शिकार होने लगी है। करीब 26 करोड़ रुपए की लागत से तैयार पांच मंजिला इमारत को मरीजों के लिए खोलने की कई समय-सीमाएं तय हो चुकी है, लेकिन अब तक इसका शुभारंभ नहीं हो सका है।
करीब डेढ़ साल से बंद पड़ी इमारत के आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा होने लगा है। परिसर में शराब की बोतलें दिखाई दे रही है जबकि पोर्च में लोग मोटरसाइकिल और कार खड़ी कर रहे हैं। इमारत का इस्तेमाल शुरू नहीं होने से मरीज नई सुविधाओं से वंचित हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। नई इमारत शुरू करने को लेकर प्रशासन कई बार समय-सीमा तय कर चुका है।
सितंबर शुरू होने के बाद भी मरीजों को शिफ्ट करने या सेवाएं शुरू करने की ठोस गतिविधि नजर नहीं आ रही है, इससे पहले नवंबर 2025 में भी भवन के शुरू नहीं होने की बात सामने आई थी। उस समय अस्पताल प्रशासन को भवन सौंपने और तकनीकी कमियों को लेकर मामला अटका बताया गया था।
जेपी अस्पताल परिसर में पुराने भवन के पास बनी इस पांच मंजिला इमारत में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बिस्तरों और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की योजना है। शुरुआती प्रस्ताव में 270 बिस्तर और चार आधुनिक ऑपरेशन थिएटर थे जबकि बाद की योजना में क्षमता 240 बिस्तर बताई गई। यहां इमरजेंसी, सर्जरी, अलग-अलग वार्ड जांच सुविधाओं के साथ चार ऑपरेशन थिएटर और एक मंजिल पर ब्लड बैंक बनाने की योजना थी। 2024 की योजना के मुताबिक लागत करीब 26 करोड़ रुपए थी जिसमें राज्य सरकार की करीब 19 करोड़ और केंद्र की करीब 7 करोड़ रुपए की हिस्सेदारी बताई गई थी।
मध्यप्रदेश विधानसभा की फरवरी 2026 की कार्यवाही में भी इस भवन का उल्लेख हुआ था। इसमें तीन मंजिलों पर सर्जरी और हड्डी रोग विभाग शुरू करने की जानकारी दी गई जबकि ऊपर की दो मंजिलों के उपयोग पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ था। वहां हृदय रोग, कैंसर और फिजियोथेरेपी जैसी सेवाएं शुरू करने के सुझाव भी दिए गए थे।
नई इमारत शुरू नहीं होने का असर अस्पताल की मौजूदा व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। मरीज और उनके परिजन अभी पुराने भवन की सीमित जगह में इलाज कराने को मजबूर हैं, जबकि खाली पड़ी नई इमारत की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। शराब की बोतलें मिलने और पोर्च में वाहन खड़े होने से साफ है कि बंद भवन का दूसरे कामों के लिए इस्तेमाल होने लगा है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



