भोपाल। राजधानी भोपाल का नीलम पार्क रविवार को बच्चों और भावी शिक्षकों के जोरदार विरोध प्रदर्शन का अखाड़ा बन गया। मध्य प्रदेश सरकार की स्कूल मर्जर नीति के खिलाफ ‘जेन अल्फा’ और वर्ग 2 व 3 के शिक्षक अभ्यर्थी एक साथ सड़कों पर उतर आए। भोपाल पहुंचे बच्चों का कहना है कि गांवों के स्कूलों का 10 से 15 किलोमीटर दूर संदीपनी या सीएम राइज स्कूलों में मर्जर होने से उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बस सुविधा में भी दिक्कतें आ रही हैं। छात्रों ने मर्जर वापस लेने, खाली पदों पर भर्ती और TET की अनिवार्यता खत्म करने की मांग की। इस बड़े प्रदर्शन के बाद मध्य प्रदेश की सियासत पूरी तरह गर्मा गई है और कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने आ गए हैं।

ये भी पढ़ें: बस्तियों में लगेगा पहरा और होंगी धर्म चौपालें! विहिप के नए मॉडल पर मध्य प्रदेश में छिड़ा सियासी संग्राम

“हाथों में किताबों की जगह आंदोलन के पोस्टर”: कांग्रेस का हमला

छात्रों और अभ्यर्थियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए कांग्रेस CWC मेंबर और पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने सरकार को आड़े हाथों लिया। कमलेश्वर पटेल ने कहा कि जिन हाथों में पढ़ने के लिए कॉपी-किताब होनी चाहिए, आज उनमें आंदोलन के बैनर-पोस्टर हैं। यह मध्य प्रदेश और देश का बड़ा दुर्भाग्य है।

कमलेश्वर पटेल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने टिल्ला, टोला और गांव स्तर पर स्कूल बनाए थे लेकिन भाजपा सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर और टीचर्स देने के बजाय उन्हें बंद कर रही है।

एक तरफ स्कूल बंद हो रहे हैं तो दूसरी तरफ भावी शिक्षक अपनी भर्ती के लिए सड़कों पर बैठने को मजबूर हैं। यह प्रदेश के भविष्य के लिए अच्छा संकेत नहीं है।

ये भी पढ़ें: पिकनिक बनी मातम! पैराडाइज वैली में डूबने से 2 शिक्षकों और मासूम छात्र की मौत, एक छात्रा की बची जान

“सड़कें बन चुकी हैं, बेहतर शिक्षा देना प्राथमिकता”: बीजेपी का पलटवार

कांग्रेस के बयानों पर पलटवार करते हुए भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. हितेश वाजपेयी ने सरकार के फैसले का बचाव किया। हितेश वाजपेयी ने कहा कि कांग्रेस के समय मजरे-टोलों में स्कूल इसलिए खोले जाते थे क्योंकि तब सड़कें नहीं थीं। आज गांव-गांव तक बेहतरीन सड़कें और परिवहन सुविधाएं पहुंच चुकी हैं।

सरकार गांव-गांव तक बस सुविधा उपलब्ध करा रही है। बच्चों को सीएम राइज़ और सांदीपनि स्कूलों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा देना सरकार की पहली प्राथमिकता है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m