शब्बीर अहमद, भोपाल। राजधानी भोपाल में त्योहारी सीजन के बीच बीजेपी द्वारा निकाली जा रही ‘अराजकता हटाओ लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघारने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर तीखा हमला बोलते हुए बीजेपी के दोहरे चरित्र को बेनकाब किया है और कई गंभीर सवाल उठाए हैं।

उमंग सिंघार का बीजेपी पर बड़ा हमला

नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कांग्रेस की रैलियों पर ‘व्यापारियों के नुकसान’ का झूठा प्रोपेगेंडा फैलाने वाली भाजपा का दोहरा चरित्र आज पूरी तरह बेनकाब हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो बीजेपी नेता दिल्ली में कांग्रेस की महारैली के समय व्यापारियों की आड़ में घड़ियाली आंसू बहाते थे, वे अब खुद त्योहारी सीजन में भोपाल के मुख्य बाजारों और व्यस्त रास्तों से पदयात्रा निकालने जा रहे हैं।

उमंग सिंघार ने अपनी पोस्ट में मुख्य बाजारों में निकलने वाली इस यात्रा से आमजन को होने वाली दिक्कतों का जिक्र करते हुए कहा-

  • त्योहार के दिनों में इस तरह की रैलियों से व्यापारियों के कारोबार, आम जनता की आवाजाही और स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर बुरा असर पड़ना तय है।
  • हालात यह हैं कि कई स्कूलों में छुट्टी तक घोषित करनी पड़ी है। आखिर भाजपा की राजनीति चमकाने का खामियाजा स्कूली बच्चों और आम नागरिकों को क्यों भुगतना पड़े?
  • सरकार को जवाब देना चाहिए कि दिल्ली में व्यापारियों की झूठी चिंता का दिखावा करने वाली भाजपा को अब भोपाल के व्यापारियों और बच्चों की परेशानी क्यों दिखाई नहीं दे रही है?

कानून-व्यवस्था और हालिया घटनाओं पर भी साधा निशाना

नेता प्रतिपक्ष ने तीखा तंज कसते हुए कहा कि आज भाजपा के जो नेता और मंत्री रैली में झूठ फैलाने निकल रहे हैं, अगर उनमें थोड़ी भी संवेदनशीलता होती तो वे बालाघाट, भागीरथपुरा, सागर और देवास भी जाते, जहाँ भाजपा सरकार की कुव्यवस्था और लापरवाही के चलते लोगों की जान चली गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m