चंडीगढ़। रोहतक के डी-पार्क बाजार में हुए भीषण अग्निकांड में तीन लोगों की मौत के बाद हरियाणा के राज्यपाल असीम कुमार घोष ने गहरा दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए प्रत्येक परिवार को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
गौरतलब है कि 9 जून को रोहतक के व्यस्त डी-पार्क बाजार में एक जूते के शोरूम समेत कई दुकानों में भीषण आग लग गई थी। आग ने देखते ही देखते कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई दुकानें जलकर खाक हो गईं।
राज्यपाल ने व्यक्त की संवेदना
राज्यपाल ने हादसे को बेहद दुखद बताते हुए दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि सभी घायलों का सरकारी अस्पतालों में निःशुल्क और बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा राज्यपाल ने रोहतक के उपायुक्त को आग से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर जल्द रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, ताकि प्रभावित लोगों को आवश्यक राहत प्रदान की जा सके।
सीएम सैनी ने भी की थी मुआवजे की घोषणा
उल्लेखनीय है कि इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी इस हादसे पर दुख जता चुके हैं। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों के परिवारों को 2-2 लाख रुपये की वित्तीय मदद देने की घोषणा की थी।
रोहतक के इस दर्दनाक अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच के साथ-साथ प्रभावित व्यापारियों के नुकसान का आकलन करने में जुटा हुआ है।

