कटक: JSW ग्रुप ने ओडिशा में अपनी प्रस्तावित महत्वाकांक्षी इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) और बैटरी सेल निर्माण परियोजना को फिलहाल स्थगित कर दिया है। कटक जिले के नराज में स्थापित होने वाले इस 40,000 करोड़ रुपये के मेगा प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन पर रोक लगाने की जानकारी कंपनी प्रबंधन की ओर से दी गई है।

कंपनी के निदेशक पार्थ जिंदल के अनुसार, बैटरी निर्माण के लिए आवश्यक तकनीक की अनुपलब्धता इस बड़े फैसले का मुख्य कारण बनी है। EV बैटरी के निर्माण के लिए ‘लिथियम आयरन फास्फेट’ (LFP) तकनीक बेहद जरूरी है। वर्तमान में इस तकनीक का बड़ा हिस्सा मुख्य रूप से चीन के पास केंद्रित है।

चीन सरकार ने LFP तकनीक को अन्य देशों में स्थानांतरित करने पर सख्त प्रतिबंध लगा रखे हैं। चीन से बाहर इस तकनीक के लिए कोई अन्य उपयुक्त और कुशल सहयोगी नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण प्रोजेक्ट के काम को आगे बढ़ाना संभव नहीं हो पा रहा है।

फरवरी 2024 में JSW ग्रुप ने ओडिशा सरकार के साथ कटक और पारादीप में एक एकीकृत EV निर्माण और 50 GWh क्षमता वाले बैटरी प्लांट की स्थापना के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए थे।

कंपनी ने अपनी ‘बैटरी एनर्जी स्टोरेज’ और JSW MG मोटर इंडिया के लिए ‘सेल-टू-पैक’ असेंबली लाइन को क्रियान्वित कर लिया है। हालांकि, मुख्य बैटरी सेल का निर्माण शुरू करने के लिए वैश्विक स्तर के उपयुक्त तकनीकी साझेदार की तलाश अभी भी जारी है। जैसे ही उपयुक्त विकल्प मिलेगा, परियोजना पर आगे विचार किया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m