धनबाद। कोयला चोरी, अवैध खनन और कोयले के अवैध परिवहन पर शिकंजा कसने के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की बीसीसीएल इकाई ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। केंद्र सरकार की ‘जीरो कोल लीकेज टॉलरेंस पॉलिसी’ के तहत बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से जिले के 14 संवेदनशील स्थलों पर छापेमारी और सघन तलाशी अभियान चलाया गया।

200 किलो अवैध कोयला और लोहे के पाइप जब्त

अभियान के दौरान सीआइएसएफ की टीम ने करीब 200 किलोग्राम अवैध कोयला बरामद किया। इसके अलावा लोहे के चार पाइप भी जब्त किए गए। कार्रवाई के दौरान एरिया-4 में अवैध खनन के एक मुहाने की भराई भी कराई गई।

अवैध खनन पर निगरानी और कार्रवाई तेज

सीआइएसएफ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कोयला चोरी और अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय कर लगातार अभियान चलाया जा रहा है।सीआइएसएफ ने स्पष्ट किया है कि कोयले के अवैध खनन, चोरी और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।