कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान रविवार को एक विशेष और भावनात्मक दौरे पर हरियाणा के पिहोवा पहुंचे। राजनीति की आपाधापी को किनारे रखकर, सीएम मान अपनी धर्मपत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर मान, माता जी, बहन और जीजा जी के साथ अपने ससुराल परिवार के बीच एक आम इंसान की तरह नजर आए। उनके साथ उनकी नन्ही बेटी नियामत कौर भी मौजूद थीं।
ससुराल में देसी मेहमाननवाजी और अनौपचारिक बातचीत
पिहोवा पहुंचने पर ससुराल पक्ष के सदस्यों ने मुख्यमंत्री और उनके परिवार का भव्य और पारंपरिक स्वागत किया। दोपहर के भोजन के दौरान माहौल पूरी तरह अनौपचारिक रहा। मुख्यमंत्री ने वहां आए हुए अन्य रिश्तेदारों और स्थानीय सदस्यों के साथ काफी देर तक खुले दिल से बातचीत की। शादी के करीब 4 साल बाद मुख्यमंत्री का यह दौरा उनके ससुराल परिवार के लिए बेहद खास रहा।

खेती-बाड़ी और किसानों का जाना हाल
मुख्यमंत्री मान ने इस मुलाकात के दौरान अपनी जमीनी जुड़ाव का परिचय देते हुए विशेष रूप से हरियाणा के किसानों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय लोगों से खेती-बाड़ी की चुनौतियों और फसलों के बारे में चर्चा की। उन्होंने किसानों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि किसान चाहे पंजाब का हो या हरियाणा का, उसकी समस्याएं और मेहनत एक जैसी ही हैं।नत फार्म मदनपुर में शोक व्यक्त किया पिहोवा में करीब दो घंटे रुकने के बाद सीएम मान का काफिला नत फार्म (मदनपुर) पहुंचा। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री ने यहां अपने दिवंगत चाचा ससुर हरपाल सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त किया और शोकाकुल परिवार के साथ समय बिताया। वहां कुछ देर रुकने और चाय-पानी पीने के बाद, वे दोपहर बाद सपरिवार वापस पंजाब के लिए रवाना हो गए।
सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार भगवंत मान इतने सहज और बिना किसी तामझाम के अपने ससुराल परिवार और नत फार्म पहुंचे थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीएम का यह खुशनुमा और सादगी भरा अंदाज उनके दिल जीत ले गया। हरियाणा में उनके इस निजी दौरे की तस्वीरें और खबरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

