कुंदन कुमार/पटना। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के रुझानों और नतीजों ने बिहार की राजनीतिक फिजां में भारी उत्साह भर दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बढ़त ने बिहार भाजपा खेमे को जश्न में डूबने का मौका दे दिया है। पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में सुबह से ही कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ पड़ा, जहां जमकर आतिशबाजी हुई और ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ता झूमते नजर आए।


सम्राट चौधरी का संदेश: ‘वो बंगाल हमारा है’
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस जीत पर खुशी जाहिर करते हुए सोशल मीडिया के जरिए विपक्ष पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने जनसंघ के संस्थापक का जिक्र करते हुए लिखा, “जहां पैदा हुए श्यामा प्रसाद मुखर्जी, वो बंगाल हमारा है।” उन्होंने इस जीत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और बंगाल की जनता के अटूट विश्वास की जीत बताया। चौधरी ने कहा कि बंगाल की जनता ने अराजकता को नकार कर विकास और राष्ट्रवाद को चुना है।
मोदी की ‘झालमुड़ी’ का दिखा जादुई असर
पटना की सड़कों पर जीत का स्वाद ‘झालमुड़ी’ के साथ साझा किया गया। दिलचस्प तथ्य यह सामने आया कि चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने झाड़ग्राम, बिनपुर, गोपीबल्लभपुर और नयाग्राम में जिस झालमुड़ी का लुत्फ उठाया था, उन चारों सीटों पर भाजपा ने निर्णायक बढ़त हासिल की है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को झालमुड़ी खिलाकर यह संदेश दिया कि अब बंगाल में ‘दीदी’ के प्रभाव का अंत हो चुका है।
ममता बनर्जी और तेजस्वी यादव पर तीखा प्रहार
राज्यसभा सांसद धर्मशिला गुप्ता ने ममता बनर्जी की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए आरोप लगाया कि वे बंगाल को ‘बांग्लादेश’ बनाने की राह पर थीं, जिसे जनता ने रोक दिया है। वहीं, पूर्व मंत्री श्याम रजक ने तेजस्वी यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि तेजस्वी केवल ‘एन्जॉय’ करने के लिए राजनीति करते हैं। रजक ने तंज कसा कि तेजस्वी ने जिन क्षेत्रों में ममता के लिए प्रचार किया, वहां टीएमसी को करारी शिकस्त मिली है। उन्होंने कहा कि जनता अब परिवारवाद को पूरी तरह नकार चुकी है।
गांधी मैदान में शपथ ग्रहण की भव्य तैयारी
बंगाल की जीत के बीच बिहार में सत्ता के गलियारों में भी हलचल तेज है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं। मैदान में भव्य टेंट लगाए जा रहे हैं और सुरक्षा कारणों से आम लोगों का प्रवेश रोक दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, मई के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं शिरकत कर सकते हैं। सम्राट चौधरी दिल्ली से मंत्रियों की फाइनल लिस्ट लेकर लौट आए हैं, जिस पर आलाकमान की मुहर लग चुकी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

